पार्क प्रशासन की ओर से सभी जोनों के प्रवेश द्वारों पर ही गाड़ियों को सैनिटाइज किया जाएगा, जबकि गाइडों, चालकों और पर्यटकों को अनिवार्य रूप से सैनिटाइजर रखना होगा और मास्क पहनना होगा। पर्यटक सिर्फ प्रवेश द्वार पर बने शौचालयों का ही प्रयोग करेंगे। इस बार पर्यटकों की संख्या में भी कमी की गई है। इस बार जिप्सी में पार्क भ्रमण पर चालक, गाइड और चार पयर्टक ही जा सकेंगे।
शाम की सफारी का समय पुराना (दो से छह बजे तक) ही रहेगा, जबकि सुबह का समय छह के बजाए सात से 11 बजे तक कर दिया गया है। शनिवार को ऑनलाइन बुकिंग के लिए वेबसाइट खोल दी गई है। सीटीआर निदेशक राहुल ने बताया कि राज्य सरकार की कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन का भी अनुपालन किया जाएगा।
पार्क खोलने के संबंध में कॉर्बेट के अधिकारियों ने शुक्रवार को पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक की। बैठक में पर्यटन कारोबारियों से कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक सीटीआर उपनिदेशक कल्याणी के नेतृत्व में हुई। पर्यटन कारोबारियों ने बैठक में सीटीआर प्रशासन पर आरोप लगाया कि पार्क खोलने की घोषणा पहले कर दी और बाद में बैठक बुलाई जा रही है।
सीटीआर प्रशासन ने पर्यटन कारोबारियों की शंकाओं को दूर किया। इस दौरान एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, विधायक प्रतिनिधि मदन जोशी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमान, जिप्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धस्माना और गाइड एसोसिएशन के योगेंद्र मनराल आदि रहे।