उत्तराखंड में सैंपल जांच बढ़ने के साथ कोरोना संक्रमित मामलों में कमी आई है। बीते 24 घंटे के भीतर 317 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं, छह संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 90 हजार पार हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को 14910 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, देहरादून जिले में सबसे अधिक 128 संक्रमित मिले हैं। नैनीताल में 48, उत्तरकाशी में 38, पिथौरागढ़ में 25, हरिद्वार में 22, पौड़ी में 12, टिहरी में 12, चंपावत में 11, ऊधमसिंह नगर में आठ, अल्मोड़ा में छह, चमोली में पांच, रुद्रप्रयाग जिले में दो संक्रमित मरीज मिले हैं।
यह भी पढ़ें: Corona In Uttarakhand: ब्रिटेन से लौटे सात संक्रमित मरीजों के सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे
मंगलवार को प्रदेश में छह संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसमें सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में एक, हिमालयन हॉस्पिटल में एक, जिला अस्पताल उत्तरकाशी में दो, जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में एक, उजाला हॉस्पिटल काशीपुर में एक मरीज ने उपचार के दौरान दमतोड़ा है।
प्रदेश में 1495 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 555 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। इन्हें मिला कर 82243 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 90167 हो गई है।
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का स्वास्थ्य सामान्य : डॉ.बिष्ट
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का स्वास्थ्य सामान्य है। हल्की खांसी के अलावा अब उनमें कोई लक्षण नहीं है। चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के सबंध में यह जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमण की जद में हैं। रविवार को वह दून अस्पताल में भर्ती हुए थे। परीक्षण के दौरान उनके फेफड़ों में हल्का संक्रमण पाया गया था। हल्का बुखार होने के बाद वह चिकित्सकों की सलाह पर वो सोमवार को नई दिल्ली एम्स चले गए थे।
उत्तराखंड सदन के चिकित्सक डॉ.प्रसून श्योराण और मुख्यमंत्री के फिजीशियन डॉ.एनएस बिष्ट ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य सामान्य है। उनमें हल्की खांसी के अलावा अब और कोई लक्षण नहीं है। उन्हें एंटी बायोटिक और एंटी वायरल दवाएं दी जा रही हैं।