देहरादून नगर निगम के लेखा अनुभाग के एक अधिकारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर नगर निगम में फिलहाल जरूरी कार्य रोक दिए गए हैं। साथ ही सैनिटाइजेशन का कार्य भी शुरू कर दिया गया। मेयर सुनील उनियाल गामा ने जानकारी दी कि नगर निगम पब्लिक के लिए 02 दिन के लिए बंद किया गया है।
जिपं अध्यक्ष रजनी और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र कोरोना पॉजिटिव
चमोली की जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी और उनके पति पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सोमवार को दोनों स्वास्थ्य लाभ के लिए हेलीकॉप्टर से देहरादून एम्स अस्पताल रवाना हुए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने चार दिसंबर को अपनी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष की रिपोर्ट इससे पहले पॉजिटिव आई थी।
डिप्टी सीएमओ डा. एमएस खाती ने बताया कि दोनों दोनों का स्वास्थ्य सामान्य है। वह कई दिनों से घर में ही आइसोलेट थे, लेकिन सोमवार को स्वास्थ्य लाभ के लिए हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश रवाना हुए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (अजबपुर) की एक शिक्षिका में कोरोना पुष्टि होने के चार दिन बाद 10 शिक्षकों का कोविड सैंपल लिया गया है। स्कूल व स्वास्थ्य विभाग में तालमेल की कमी के कारण शिक्षकों की जांच में देरी हुई। अब स्कूल व विभाग की नजरें शिक्षकों की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
सोमवार को स्कूल में 10 शिक्षकों की कोविड जांच कराई गई। स्कूल की प्रधानाचार्य नर्वदा राणा के अनुसार दो दिसंबर को एक शिक्षिका में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्कूल को जानकारी मिलने पर शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया।
पुष्टि होने के बाद स्कूल ने स्वास्थ्य विभाग से शिक्षिका के संपर्क में आए शिक्षकों की कोविड जांच कराने का आग्रह किया था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने तीन या चार तारीख का समय दिया। इस दौरान स्कूल में डीएलएड परीक्षा प्रस्तावित थी। इस कारण स्कूल ने शिक्षकों की जांच कराने में असमर्थता जताई।
इस कारण से जांच में देरी हुई। कहा कि हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से स्कूल को तीन तारीख से ही बंद रखा गया है। सिर्फ रविवार को डीएलएड परीक्षा के लिए स्कूल खोला गया। खंड शिक्षाधिकारी स्वराज तोमर ने कहा कि शिक्षिकों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। तब तक सभी को होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए हैं। स्कूल को सैनिटाइज भी कराया गया है।
इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। स्कूल में संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे। शिक्षक व छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। - यशवंत चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों की रफ्तार बढ़ रही है। ठीक होने वाले मरीजों की तुलना में संक्रमित ज्यादा मिले रहे हैं। जिससे सक्रिय मरीजों की संख्या पांच हजार से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था है।
बीते चार दिनों से संक्रमितों की संख्या ठीक होने वाले मरीजों से अधिक है। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 5234 हो गई है। देहरादून जिले में सबसे अधिक 1738 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि रुद्रप्रयाग जिले में सबसे कम 85 सक्रिय मरीज हैं।
स्वास्थ्य सचिव अमित सिंह नेगी का कहना है कि प्रदेेश में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। कोविड अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर में 25 हजार से अधिक बेड की व्यवस्था है। वर्तमान में कोरोना संक्रमित कई मरीज होम आईसोलेशन में उपचार ले रहे हैं। प्रदेश में मृत्यु दर को कम करने पर विशेष जोर है।
चार दिनों में कोरोना संक्रमण की स्थिति
दिन - संक्रमित - ठीक हुए
04 दिसंबर - 618 - 560
05 दिसंबर - 680 - 457
06 दिसंबर - 424 - 346
07 दिसंबर - 512 - 471