प्रदेश में कोरोना काल के बीते सप्ताह सैंपल जांच के साथ रिकवरी भी बढ़ी है और संक्रमित मामलों में कमी आई है। 20वें सप्ताह में सबसे अधिक 20 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। सरकार की ओर से जिलों को दिए निर्देशों के बाद सैंपल जांच में तेजी आई है, लेकिन संक्रमितों की मृत्यु दर नहीं थमी है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 15 मार्च को मिला था। कोरोना काल के 20 वें सप्ताह (26 जुलाई से 1 अगस्त) में प्रदेश में कुल 30 हजार 904 सैंपलों की जांच की गई है। इसमें 1486 संक्रमित मिले हैं। वहीं, 835 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। 19 वें सप्ताह की तुलना में सैंपल जांच के साथ रिकवरी बढ़ी और संक्रमित मामलों में कमी आई, लेकिन संक्रमित मरीजों की मौत की संख्या बढ़ी है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डवलपमेंट फॉर कम्यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि कोरोना संक्रमित मरीजों के मौत के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
यह चिंताजनक है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर कोरोना संक्रमण का साप्ताहिक आकलन करने पर पाया गया कि सबसे अधिक संक्रमितों की मौत 20 वें सप्ताह में हुई है। पहली बार एक सप्ताह में सबसे ज्यादा करीब 31 हजार से सैंपलों की जांच की गई है।
रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल के छोटे भाई और बहू समेत छह लोगों की कोरोना रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई। विधायक के भाई और बहू दोनों की जांच शनिवार को ट्रूनेट मशीन से की गई थी।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि दोनों को कोविड सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले विधायक के भाई से कई लोगों का संपर्क हुआ है। अब उनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेने की कवायद चल रही है।
इधर, चंपावत में किसी कार्यक्रम से शामिल होकर लौटे विधायक ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर जांच कराई। इसके अलावा, ओमैक्स में तीन वर्षीय बालिका समेत चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सिडकुल चौकी प्रभारी अनिल उपाध्याय ने बताया कि दोनों कॉलोनियों को सील करने के बाद कंटेनमेंट जोन बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। उधर, नगर निगम के सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने बताया कि रविवार को शहर के सभी कंटेनमेंट जोनों को दोबारा सैनिटाइज किया गया।
चमोली जिले में कोरोना संक्रमण के पांच नए मामले सामने आए हैं। इनमें से तीन सेना के जवान हैं, जो कुछ दिन पहले ही आगरा से जोशीमठ पहुंचे थे और आर्मी अस्पताल में क्वारंटीन थे। इसके अलावा दो अन्य संक्रमितों में एक व्यक्ति मुरादाबाद से और एक देहरादून से जिले में पहुंचा था। सीएमओ डा. जीएस राणा ने बताया कि सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर भराड़ीसैंण में भर्ती कर दिया गया है। वहीं टिहरी और रुद्रप्रयाग में दो-दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
टिहरी जिले में कोरोना पॉजिटिव आए दोनों लोग नरेंद्रनगर ब्लॉक के हैं। दोनों को कोविड केयर सेंटर सुरसिंगधार में आइसोलेट किया गया है। रुद्रप्रयाग में क्वारंटीन में रह रहे दो युवक पॉजिटिव आए।
31 जुलाई को हरिद्वार से जिले में पहुंचे युवक को संस्थागत क्वारंटीन किया था। जहां पर उसका एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें वह पॉजिटिव आया जबकि दूसरा युवक 27 जुलाई को दिल्ली से पहुंचा था। क्वारंटीन के दौरान उसका सैंपल लिया गया था। सीएमओ डा. बीपी शुक्ला ने बताया कि दोनों संक्रमितों को माधवाश्रम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।