कोविड-19 की टेस्टिंग की दर को बढ़ाने में राजस्थान सरकार प्रदेश की मदद कर सकती है। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने इस पर सहमति दी है और कहा है कि वे दो हजार से ज्यादा टेस्ट प्रतिदिन करने में सक्षम है। यह दावा है कांग्रेस के मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन का। उन्होंने इस संबंध में राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को पत्र भी लिखा है। ट्वीटर पर काजी ने राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा से बातचीत को भी शेयर किया है।
काजी के पूछने पर राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने एक दिन में बीस हजार से ज्यादा टेस्ट करने की क्षमता हासिल कर ली है। ऐसे में सरकार ने फैसला किया कि अन्य राज्य अगर चाहें तो उनका सहयोग भी किया जा सकता है। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, उत्तराखंड सरकार सहयोग मांगेगी तो जरूर मदद की जाएगी। राजस्थान सरकार एक दिन में दो हजार से लेकर पांच हजार और जरूरत पड़ने पर इससे अधिक टेस्ट करने को तैयार है।
सरकार पर टेस्ट बढ़ाने का दबाव
प्रदेश सरकार अभी 2400 टेस्ट प्रतिदिन अतिरिक्त कराने की कोशिश में है। 19 जून को प्रदेश में जांच के लिए 1315 सैंपल भेजे गए। लगातार कोरोना संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए ही प्रदेश सरकार पर टेस्ट कराने का दबाव बढ़ रह है। सोशल कम्युनिटीज फॉर डेवलपमेंट के संयोजक अनूप नौटियाल ने कहा है कि प्रदेश में राष्ट्रीय औसत से 19 प्रतिशत कम टेस्ट हो रहे हैं। देश में प्रति दस लाख 4760 टेस्ट हो रहे हैं। प्रदेश में 3835 टेस्ट प्रति दस लाख हो रहे हैं।
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत के बाद मैंने सीएम को पत्र भेज दिया है। अब यह प्रदेश सरकार पर है कि वह राजस्थान सरकार के इस प्रस्ताव का लाभ लेना चाहती है या नहीं। मुख्यमंत्री को राजस्थान के मुख्यमंत्री से बात करनी चाहिए।
-काजी निजामुद्दीन, कांग्रेस विधायक मंगलौर और लोक लेखा समिति के अध्यक्ष