चमोली जनपद में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के कोरोना वैक्सीनेशन के लिए मारामारी मची हुई है। दिनभर मोबाइल फोन पर चिपके रहने के बावजूद भी कई लोगों को निराशा ही हाथ लग रही है। चंद मिनटों में ही फोन की स्क्रीन पर टीकाकरण रजिस्ट्रेशन की बुकिंग फुल दिखाई दे रही है।
जिले में गोपेश्वर, जोशीमठ, देवाल, कर्णप्रयाग, गौचर, पोखरी, घाट क्षेत्र में वैक्सीनेशन के केंद्र स्थापित किए गए हैं। वैक्सीनेशन पंजीकरण का समय अपराह्न तीन बजे रखा गया है, जबकि लोग ढाई बजे से ही बुकिंग के लिए मोबाइल फोन से चिपके हुए हैं, बावजूद इसके बुकिंग नहीं हो पा रहा है।
कोविन की साइट खुलते ही स्क्रीन पर बुकिंग फुल दिख रही है। बाल भवन के निदेशक विनोद रावत का कहना है कि वे लगातार पिछले तीन दिनों से मोबाइल फोन से कोरोना टीकाकरण के पंजीकरण की प्रक्रिया में लगे हुए हैं, लेकिन अभी हर बार साइट खोलते ही बुकिंग फुल दिख रही है। जोशीमठ के संजय का कहना है कि पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद जटिल है। आधा दिन रजिस्ट्रेशन में निकल रहा, इसके बावजूद भी सफलता नहीं मिल रही है।