जिला केस
ऊधमसिंह नगर 51
देहरादून 46
हरिद्वार 26
उत्तरकाशी 06
नैनीताल 05
अल्मोड़ा 03
पौड़ी 03
चमोली 01
रुद्रप्रयाग 01
टिहरी 01
प्रदेश में कोरोना काल के 19वें सप्ताह में संक्रमण की स्थिति चिंताजनक रही। सैंपल जांच बढ़ने के साथ ही संक्रमितों के मामले दोगुनी रफ्तार से बढ़े हैं। पहली बार एक सप्ताह में एक हजार से अधिक कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। वहीं, सक्रिय मामले (एक्टिव केस) भी 2365 पहुंच गए हैं।
प्रदेश में कोरोना काल के 133 दिन (19 सप्ताह) 25 जुलाई को पूरे हो गए हैं। 19 वें सप्ताह में 24225 सैंपलों की जांच की गई है। इसमें 1685 संक्रमित मिले। जबकि 18वें सप्ताह में प्रदेश में 859 संक्रमित मिले थे। सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच बढ़ाई तो संक्रमित मामले भी दोगुने हो गए। सक्रिय मामले 1108 से बढ़ कर 2365 पहुंच गए हैं।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि प्रदेश में सैंपल जांच बढ़ी है। लेकिन सप्ताह वार तुलना की जाए तो जांच के साथ संक्रमित मामलों की संख्या भी दोगुनी हुई है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश के चार जिलों में 223 इलाकों को कंटेनमेंट जोन बना कर पाबंद किया गया है। अकेले हरिद्वार जिले में 182 इलाको कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमण को रोकने के लिए चार जिलों में कुल 223 इलाकों को कंटेनमेँट जोन घोषित किया गया है। इसमें हरिद्वार में 182, देहरादून में 12, ऊधमसिंह नगर में 26, उत्तरकाशी में तीन इलाके शामिल हैं। कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर बाकी सभी तरह की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध है।
सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने बताया कि सख्त निगरानी के लिए सभी जिलों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के निर्देश दिए हैं। कंटेनमेंट जोन में कांटेक्ट ट्रेसिंग कर सभी की सैंपलिंग की जाएगी।
लक्सर में कोरोना संक्रमित कंपनी कर्मचारी के घर पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की ओर से बैठक करने के मामले में पुलिस ने नौ नामजद समेत 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैठक की फोटो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही अन्य लोगों को भी चिह्नित करने में जुटी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी व्यक्ति हरिद्वार की हिंदुस्तान लीवर कंपनी में काम करता है। 19 जुलाई को वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वहीं, शनिवार को गांव के एक व्यक्ति ने एसडीएम पूरण सिंह राणा से शिकायत कर कहा था कि कर्मचारी ने रिपोर्ट आने से पहले 12 जुलाई को अपने घर पर भीम आर्मी की बैठक कराई थी। आरोप है कि इसमें 100 से अधिक लोग शामिल हुए थे और शारीरिक दूरी का उल्लंघन किया गया था।
उन्होंने बैठक की कई फोटो और वीडियो भी एसडीएम को उपलब्ध कराए थे। एसडीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र सिंह को जांच करने के निर्देश दिए थे। जांच में पता चला कि बिना अनुमति के आयोजित बैठक में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं समेत अन्य लोग शामिल हुए थे। शिकायत की पुष्टि होने पर एसडीएम ने पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। कोतवाली प्रभारी हेमेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित कंपनी कर्मचारी के अलावा भीम आर्मी कार्यकर्ता अंकित, अंकुर, सकटू, अंकित, अर्जुन, राजेश, संजय और नितिन समेत 50 लोगों के खिलाफ धारा 188 व आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फोटो और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।