कोरोना से बेखौफ हजारों पर्यटक प्रतिदिन राजाजी टाइगर रिजर्व पहुंचने लगे हैं। टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के अनुसार कोरोना संक्रमण के बीच बड़ी संख्या में पर्यटक राजाजी टाइगर रिजर्व आ रहे हैं। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या में तेजी से कमी आई थी। बहरहाल एक माह बाद स्थितियां बदल गई हैं।
टाइगर रिजर्व के अखिलेश तिवारी का कहना है कि पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक टाइगर रिजर्व पहुंच रहे हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के तमाम एहतियाती कदम उठाए गए हैं। पर्यटकों की थर्मल स्कैनिंग करने के साथ ही उनके हाथों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। साथ ही उन्हें कोरोना गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी जा रही है। टाइगर रिजर्व 15 जून तक के लिए पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।
चार डॉक्टर और एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित
रविवार को श्रीनगर बेस अस्पताल में आरटीपीसआर जांच के लिए सैंपल देने वाले 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी के अनुसार, संक्रमितों में मेडिकल कॉलेज के चार डॉक्टर और एक कर्मचारी भी शामिल हैं। सोमवार को कोविड अस्पताल में दो संक्रमित भर्ती कराए गए। वर्तमान में पांच संक्रमित अस्पताल में भर्ती हैं।