कोविड टीकाकरण के लिए 30 सितंबर को दूसरा वैक्सीनेेशन महाभियान चलाया जाएगा। चमोली जिले में स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एमएस खाती ने बताया कि महाभियान के लिए पहली डोज का दो हजार और दूसरी डोज का 20 हजार का लक्ष्य रखा गया है।
मोबाइल टीमें बनाई गई हैं, जो वाहनों से क्षेत्र भ्रमण कर लोगों का टीकाकरण करेंगी। साथ ही गांव के आसपास भी टीकाकरण किया जाएगा। कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर भी नियमित रूप से टीकाकरण किया जाएगा।
विधायकों के क्षेत्रों में लगेंगे विशेष टीकाकरण शिविर
कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए टीके की दूसरी डोज लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सांसद, विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों की मदद लेगा। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि जिले में टीके की पहली डोज का सौ फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। मैदानी जिलों हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल अभी तक यह लक्ष्य नहीं हासिल कर पाए हैं। वहीं दूसरी डोज लगवाने वालों का आंकड़ा भी 46 फीसदी तक पहुंच गया है।
टीके की दूसरी डोज अधिक से अधिक लोगों को तेजी से लगायी जा सके, इसके लिए जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायकों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की मदद ली जाएगी। इसके लिए विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं के जरिये लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिले में टीके की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त संख्या में डोज उपलब्ध हैं। जिन लोगों को पहली डोज लग चुकी है और दूसरी डोज का समय पूरा हो चुका है तो वे टीकाकरण केंद्रों पर दूसरी डोज लगवा सकते हैं।