पिछले दिनों विदेश यात्रा से लौटे देहरादून और हरिद्वार के चार ओमिक्रॉन पॉजिटिव मरीजों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। चारों पूरी तरह स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ. पंकज पांडेय ने बताया कि 12 दिसंबर को स्कॉटलैंड से आई 23 वर्षीय युवती की कोविड रिपोर्ट ओमिक्रॉन वैरिएंट के लिए पॉजिटिव पाई गई थी, जिसके बाद उसे 14 दिन के लिए आईसोलेट कर दिया गया था।
युवती के ठीक होने के बाद दोबारा आरटीपीसीआर जांच कराई तो वह निगेटिव आई। इसी प्रकार, यमन से आया हुआ हरिद्वार का मरीज और दुबई से लौटे हुए देहरादून के दो ओमिक्रॉन पॉजिटिव मरीजों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। डॉ. पांडेय ने मंगलवार को स्वास्थ्य महानिदेशक से सभी जिलों के स्तर पर कोविड महामारी से बचाव व नियंत्रण के लिए हुई तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
देहरादून में 25 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
उत्तराखंड समेत देश के तमाम राज्यों में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही जिले में भी संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे के भीतर 25 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। आरटीपीसीआर जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों को चिन्हित करने व उन्हें अस्पतालों में भर्ती करा रहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें कोरोना संक्रमित मरीजों के परिजनों की भी आरटीपीसीआर जांच करा रही हैं ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि कहीं परिजन तो कोरोना संक्रमित नहीं हैं। सीएमओ डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि जिले में अब तक 1,12,773 लोगों में कोरोना संक्रमण हो चुका है। वहीं अब तक 20,32,770 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। जहां तक कोरोना से होने वाली मौतों का सवाल है तो जिले भर में अब तक कोरोना से 3525 लोगों की मौत हो चुकी है।
दूसरी ओर सीएमओ डॉ. मनोज उप्रेती का कहना है कि कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज को लेकर जिला अस्पताल कोरोनेशन, दून अस्पताल के अलावा तमाम जिला उप अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।