31 पर्यटकों समेत 96 लोग कोरोना संक्रमित
ऋषिकेश में कोरोना मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को भी यहां 31 पर्यटकों समेत 96 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित मरीजों को आइसोलेट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा गुरुवार को 598 लोगों की कोरोना जांच की गई है।
गुरुवार को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में 268 लोगों की कोरोना जांच की गई। बीती आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में गुरुवार को 50 लोग संक्रमित मिले हैं। उधर, फकोट ब्लॉक के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. जगदीश चंद्र जोशी ने बताया कि मुनिकीरेती में 180 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें 11 स्थानीय लोग संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा यमकेश्वर ब्लॉक के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि लक्ष्मणझूला में 31 पर्यटकों समेत 35 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। साथ ही 150 लोगों की कोरोना जांच की गई है। एसपीएस राजकीय चिकित्सालय और संत निरंकारी भवन में 72 लोगों को एहतियाती डोज लगाई गई। मुनिकीरेती स्थित राजीवग्राम ढालवाला में 450 लोगों को एहतियाती डोज लगाई गई।
एक बच्चे सहित 79 लोग कोरोना संक्रमित
नगर निगम क्षेत्र कोटद्वार और निकटवर्ती, कालागढ़, दुगड्डा, द्वारीखाल ब्लाक, एकेश्वर, जयहरीखाल और रिखणीखाल ब्लॉक में गुरुवार को कई संक्रमित मिले। एक बच्चे सहित 79 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को कोरोना मेडिकल किट उपलब्ध कराकर उन्हें होम आइसोलेट कर दिया है।
सीएमओ डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि बदरीनाथ मार्ग निवासी तीन बुजुर्ग और एक व्यक्ति, पदमपुर में एक छह साल का बच्चा, हरिद्वार से कोटद्वार आने वाले 11 लोग, ऋषिकेश से कोटद्वार आने वाले तीन लोग, देहरादून से कोटद्वार आने वाली चार महिलाएं, दो युवती और तीन व्यक्ति, दिल्ली से कोटद्वार आने वाली एक महिला, चंडीगढ़ से कोटद्वार आने वाला एक व्यक्ति, लखनऊ से कोटद्वार आने वाले समेत कई लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
उत्तराखंड में कोविड जांच बढ़ी तो संक्रमण में उछाल आया है। संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ाई है। जिससे तीसरे दिन भी प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा चार हजार से ज्यादा है। पिछले तीन दिन में 13702 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
चुनाव माहौल के बीच कोरोना संक्रमण रोकने की चुनौती बढ़ रही है। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लेकिन दूसरी तहर की तुलना में संक्रमण अभी तक घातक साबित नहीं हुआ है। संक्रमण के हल्के लक्षण वाले संक्रमित होम आईसोलेशन में रहकर स्वस्थ हो रहे हैं। केंद्र सरकार ओर से जारी दिशानिर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने कोविड जांच बढ़ाई है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 35 हजार सैंपलों की जांच की जा रही है। जिससे संक्रमितों के ग्राफ में उछाल आया है।
तीन दिन के भीतर ही संक्रमण दर 13.50 प्रतिशत से बढ़ कर 14.23 प्रतिशत हो गई है। सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि इस साल एक दिन में अब तक 4818 संक्रमित मिले हैं। इससे पहले 15 मई 2021 को एक दिन में 5654 संक्रमित मामले सामने आए थे। संक्रमण जिस तेजी से साथ बढ़ रहा है। उससे लोगों को सतर्क और एहतियात बरतने की आवश्यकता है।
पिछले तीन दिन में सैंपल जांच और संक्रमण की स्थिति
दिन जांच संक्रमित संक्रमण दर प्रतिशत में
18 जनवरी 33198 4482 13.50
19 जनवरी 37150 4402 11.85
20 जनवरी 33849 4818 14.23