कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून में कोविड वैक्सीनेशन मेला के तहत पैसिफिक मॉल में बनाए गए वॉकिंग वैक्सीनेशन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए वृहद कोविड टीकाकरण कार्यक्रम चला रही है। दून में सभी लोगों को पहली डोज लग चुकी है। जल्द ही दून शत प्रतिशत टीकाकरण करने वाला पहला जिला बनेगा।
जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और स्मार्ट सिटी के संयुक्त तत्वावधान में यह सेंटर स्थापित किया गया है।
गणेश जोशी ने कहा कि दून में तेज रफ्तार से टीकाकरण हो रहा है। सरकार ने दिसंबर तक पूरे राज्य में टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। स्मार्ट सिटी और जिला प्रशासन ने आकर्षक पुरस्कार योजना जारी कर टीकाकरण को बढ़ावा देने की अभिनव पहल की है। जिलाधिकारी व स्मार्ट सिटी के सीईओ डा. आर राजेश कुमार ने शहरवासियों से टीकाकरण के लिए आगे आने की अपील की। इस अवसर पर सीडीओ नितिका खंडेलवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, एसडीएम सदर मनीष कुमार, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार उप्रेती समेत मौजूद रहे।
वैक्सीन की दूसरी डोज का भी शत प्रतिशत पूरा करें लक्ष्य
हरिद्वार में जिलाधिकारी ने ऋषिकुल जंबो वैक्सीनेशन साइट का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने टीकाकरण कार्य की सराहना की। ऋषिकुल जंबो वैक्सीनेशन सेंटर पर कोविड-19 वैक्सीन की प्रथम और द्वितीय डोज लगातार सभी आयु वर्ग के लोगों को लगाई जा रही है।
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डा. सौरभ गहरवार के साथ केंद्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रास के सचिव डॉ. नरेश चौधरी की टीम ने कोविड-19 महामारी में विभिन्न दायित्वों के निर्वहन के साथ वैक्सीनेशन साइट पर लोगों को वैक्सीन लगवाकर सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेंटर ने वैक्सीन की प्रथम डोज पात्र लाभार्थियों को लगवाकर शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है। दूसरे डोज लगाने का भी शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अवधेश सिंह, एसडीएम पूरन सिंह राणा भी उपस्थित थे। रेडक्रास स्वंयसेवकों में डॉ. गणेश, डॉ. राहुल, डॉ. आराधना, डॉ. वैशाली आदि मौजूद रहे।