खानपुर सीएचसी पर बाहरी लोगों को कोविड टीका लगाने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश पनप रहा है। सहकारी समिति के चेयरमैन और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर टीकाकरण में क्षेत्रीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग की है।
खानपुर के राजेश पायलट मिनी स्टेडियम में वैक्सीनेशन केंद्र बनाया गया है। जब से यहां टीकाकरण शुरू हुआ है, ज्यादातर बाहरी लोग ही टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। ऐसे में क्षेत्रीय युवाओं को टीका नहीं लग पा रहा है। इसे लेकर खानपुर के लोगों में रोष पनपने लगा है।
सहकारी समिति के चेयरमैन ओंकार सिंह चौधरी, पूर्व प्रधान मदन शास्त्री, अरुण पंवार, सोनू राठी, सुमित शर्मा और मेहरबाद आदि ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग बाहरी प्रदेशों के लोगों से पैसे लेकर टीका लगा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को वैक्सीन नहीं लग पा रही है।
आरोप है कि केंद्र पर दिल्ली, राजस्थान, मेरठ, देहरादून आदि शहरों से गाड़ियों में सवार होकर लोग टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवा जानकारी के अभाव में समय से स्लॉट बुक नहीं करवा पाता है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने के बजाय बाहरी लोगों को टीका लगवा रहा है।
इसे बरदाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, सेशन साइट व्यवस्थापक रामकेश गुप्ता कहते हैं कि बुकिंग केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार होती है। इसमें ऑनलाइन कोई कहीं के लिए भी बुकिंग कर सकता है। स्थानीय युवाओं को जागरूक करके उन्हें स्लॉट बुक करने की जानकारी देने की जरूरत है।