कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पर जमकर बरसे विधायक धामी
कांग्रेस छोड़ने और नई पार्टी बनाने का संकेत दे चुके धारचूला विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक हरीश धामी कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव पर जमकर बरसे। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के फैसले पर सवाल उठाए। कहा कि ऐसे व्यक्ति को प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बना दिया गया जो खुद अपने चुनाव में अपनी जमानत नहीं बचा पाया। समीक्षा की जिम्मेदारी उस व्यक्ति को दी गई, जिसने सारी मलाई खा ली। हाईकमान को गलत फीडबैक दिया गया। धामी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर गणेश गोदियाल को काम नहीं करने दिया गया। प्रभारी खुद ही अध्यक्ष की तरह काम करते रहे। उन्होंने पार्टी का नेतृत्व किया। जिम्मेदार भी वही व्यक्ति है। जब गणेश गोदियाल से इस्तीफा लिया गया तो प्रभारी से इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया। धामी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के झंडे-डंडे कांग्रेस भवन में सड़ते रहे, लेकिन उनकी विधानसभा में नहीं भेजे गए। चाटुकारों को सबकुछ दिया गया। हमने चाटुकारिता नहीं की, इसलिए हमारी अनदेखी हुई।
क्षेत्र के विकास के लिए सीट भी छोड़ दूंगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए धारचूला सीट खाली करने के सवाल पर हरीश धामी ने कहा कि उनकी इस बारे में अभी कोई बात नहीं हुई है लेकिन ऐसी कोई बात होगी तो वह क्षेत्र की जनता से बात करेंगे। क्षेत्र के विकास के लिए उन्हें सीट छोड़नी पड़ेगी तो वह सीट भी छोड़ देंगे।
ये भी पढ़ें...बैसाखी पर आस्था की डुबकी: स्नान के लिए उमड़ा धर्मनगरी में श्रद्धालुओं का हुजूम, भीड़ संभालना पुलिस के लिए चुनौती, तस्वीरें
आप विधायक बन गए, खुदा नहीं बन गए : करन माहरा
कांग्रेस की बागडोर हाथों में आने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के तेवर तल्ख हैं। पार्टी में विघटन की आशंकाओं से जुड़े सवाल पर माहरा ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है लेकिन उनका मानना है कि चुनाव में पार्टी की विचारधारा, पार्टी के काम, कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीत मिलती है। जब कोई चुना जाता है तो उसकी जिम्मेदारी है कि वह उस विचारधारा और कार्यकर्ता की भावना की रक्षा करे। यदि भाजपा से जीतकर कांग्रेस में चला जाऊं तो यह उन लोगों के साथ छल होगा जिन्होंने विचारधारा को वोट किया था। उन्होंने कहा कि विधायक बन गए तो आप खुदा नहीं बन गए। वहीं पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि अगर किसी को भी कुछ भी गलत लगता है तो उसे सोशल मीडिया या मीडिया में प्रतिक्रिया देने के स्थान पर पार्टी फोरम पर बात करनी चाहिए।