पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर हमला बोला। कहा कि सीबीआई जांच से पहले ही उन्हें जनता से माफी मांगकर राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए। स्टिंग की जांच में दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।
सोमवार को रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से वार्ता में सांसद निशंक ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं की तरफदारी की। कहा कि इन नेताओं के कांग्रेस से मिल रहे पांच-पांच करोड़ को दरकिनार कर भाजपा के साथ खड़े होना स्वीकार किया। लेकिन जिन विधायकों को कांग्रेस ने खरीद लिया वह उनके साथ हैं।
मुख्यमंत्री हरीश रावत के स्टिंग ऑपरेशन में यह साफ-साफ दिखाई भी दे रहा है। पैसों के लेन-देन की बात वह अपने मुंह से भी कर रहे हैं। कहा कि रावत को सीबीआई जांच से पहले जनता से माफी मांग लेनी चाहिए। उसके बाद राजनीति से संयास ले लेना चाहिए। लेकिन उनकी मंशा ठीक नहीं है। इसीलिए वह स्टिंग की सीबीआई जांच न कराकर दरोगा से करवाना चाहते थे।