भू-अध्यादेश पर बुधवार को दिल्ली में प्रस्तावित नीति आयोग की बैठक में उत्तराखंड शायद ही शामिल हो। हालांकि मुख्यमंत्री हरीश रावत बुधवार को भी दिल्ली में हैं पर यह फैसला कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ओर से संयुक्त रूप से लिया जाना है। देर रात तक भी इस पर फैसला नहीं हो पाया था।
मंगलवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों को चार धाम यात्रा की जानकारी भी दी और प्रदेश की केंद्रीय मदों में कटौती से राज्य को होने वाले नुकसान से भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार को ही दिल्ली रवाना हो गए थे। हालांकि मंगलवार को उन्हें वापस उत्तराखंड लौटना था पर यह संभव नहीं हो पाया।