विधायकों के खरीद फरोख्त के स्टिंग में फंसे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि वह सीबीआई के समन का पालन करेंगे और मंगलवार को सीबीआई के सामने पेश होंगे।
राष्ट्रपति शासन मामले में भाजपा और केंद्र सरकार से सियासी और कानूनी लड़ाई जीतने के बाद भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं।
सीबीआई ने राज्य में राजनीतिक संकट के दौरान सामने आए स्टिंग ऑपरेशन मामले में रावत को पूछताछ के लिए समन भेजा है। उन्हें पूछताछ के लिए 24 मई (मंगलवार) को दिल्ली तलब किया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीबीआई जांच में सहयोग देने की बात कही है।
इस दौरान रावत से राजनीतिक संकट के दौरान ही सामने आए दूसरे स्टिंग ऑपरेशन के संदर्भ में भी पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है कि सीबीआई इस मामले में रावत को 9 मई को ही पूछताछ के लिए तलब किया था। हालांकि, तब रावत ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए उपलब्ध नहीं हुए थे।