निगम के शीशमबाड़ा स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में आग की घटना के बाद महानगर कांग्रेस कमेटी ने नगर आयुक्त से मिलकर प्लांट में बरती गई अनियमितता के लिए कूड़ा निस्तारण का काम देख रही कंपनी को दोषी ठहराते हुए जांच की मांग की है। उन्होंने प्लांट को तत्काल बंद करने की भी मांग नगर आयुक्त के सामने उठाई। चेतावनी दी कि अगर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि आग के कारण पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल गया है जिससे आम जनजीवन के साथ पशु-पक्षियां भी प्रभावित हो रहे हैं। कूड़ा भूमिगत होने के कारण भूमिगत जल भी प्रदूषित हो रहा है। इस मामले में दू वैली वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी की लापरवाही सामने आ रही है। नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने दून वैैैली वेस्ट मैनेजमेंट की ओर से बरती गई अनियमितताओं की जांच करने और प्लांट को बंद करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। ज्ञापन देने वालों में आर्येद्र शर्मा, गोदावरी थापली, आनंद त्यागी, आदि मौजूद रहे।