सरकार के निर्देशों का पालन न करने पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग में भारी फेरबदल कर दिया है। शिक्षा निदेशक प्रारंभिक शिक्षा एवं निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान सीमा जौनसारी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के पद से हटा दिया गया है।
साथ ही सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी बदल दिए गए हैं। खास बात यह है कि 13 में से 11 मुख्य शिक्षा अधिकारियों को इस पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। जबकि दो का तबादले किया गया है। विभाग में कुल 42 अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।
इनमें से कुछ के खिलाफ मिली निजी स्कूलों से सांठगांठ व अन्य शिकायतों पर शिक्षा मंत्री ने जांच भी बैठा दी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरके कुंवर वर्तमान पद के साथ ही प्रारंभिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार देखेंगे। वहीं एसबी जोशी को देहरादून का नया मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
अमर उजाला ने पांच मई के अंक में खुलासा कर दिया था कि शिक्षा विभाग में कई अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों के साथ मिलीभगत कर सरकार की ओर से जारी निर्देशों को फेल करने का प्रयास किया जा रहा था। कुछ अफसरों के खिलाफ इसके अलावा भी शिकायतें हैं।