चारधाम यात्रा को लेकर एक बार फिर तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ती देख नए सिरे से चेकपोस्टों को खोलने की तैयारी है। आरटीओ डीसी पठोई का कहना है कि भद्रकाली चेकपोस्ट को जल्द ही स्थापित किया जाएगा और कर्मचारियों की तैनाती कर चारधाम यात्रा के तीर्थ यात्रियों के साथ गाड़ियों की जांच भी शुरू कर दी जाएगी।
एआरटीओ ऋषिकेश ने आरटीओ को पत्र लिखकर भद्रकाली चेकपोस्ट को नए सिरे से स्थापित करने और कर्मचारियों की तैनाती करने की मांग की थी। जिसका आरटीओ ने संज्ञान लिया है। बता दें कि चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही भद्रकाली, तपोवन समेत पांच स्थानों पर परिवहन विभाग की ओर से चेकपोस्ट खोले गए थे। इन चेकपोस्टों पर कर्मचारियों की तैनाती भी की गई थी।
Kedarnath: चार महीने में 11 लाख तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन, चारधाम यात्रा के इतिहास में बना नया रिकॉर्ड
लेकिन, मानसून की दस्तक के साथ ही चारधाम तीर्थयात्रियों की संख्या बेहद कम होने के बाद चार चेकपोस्ट बंद कर दिए गए थे। जबकि तपोवन चेकपोस्ट पर गाड़ियों की जांच जारी रही। अब जबकि एक बार फिर चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों के साथ ही गाड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ी है तो चेकपोस्टों को नए सिरे से खोले जाने की तैयारी है। आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि जल्द ही अन्य चेकपोस्ट को भी खोल दिया जाएगा।
ग्रीन कार्ड बनाने को लेकर परिवहन निगम से मांगा फोरमैन
आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि चारधाम तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही गाड़ियों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है और ग्रीन कार्ड की मांग तेजी से बढ़ी है। लेकिन ऋषिकेश में आरआई और फोरमैन नहीं होने से ग्रीन कार्ड बनाने में दिक्कत आ रही है। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर ऋषिकेश में एक फोरमैन तैनात किए जाने की मांग की गई है।