तीन दिन में वापस भेजे गए एक हजार यात्री
कपाटोद्घाटन पर 23512 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। जबकि इसके बाद 7 से 13 मई तक सात दिनों तक प्रतिदिन 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। स्थिति यह है कि सिर्फ आठ दिनों में ही बाबा केदार के दर्शनार्थियों का आंकड़ा डेढ़ लाख पार हो गया है। 16/17 जून 2013 की आपदा के बाद यह पहला मौका है, जब कपाट खुलने के पहले सप्ताह श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। वहीं केदारनाथ यात्रा में बिना पंजीकरण के पहुंचे एक हजार यात्रियों को पुलिस ने लौटा दिया है। सीओ प्रबोध कुमार घिल्डियाल के नेतृत्व में चल रहे पंजीकरण चेकिंग अभियान के तहत 12 से 14 मई दोपहर तक रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग से 1000 यात्रियों को वापस भेज दिया गया है।
यात्री बिना पंजीकरण के ही यात्रा पर पहुंच रहे
सीओ घिल्डियाल ने बताया कि कई यात्री बिना पंजीकरण के ही यात्रा पर पहुंच रहे हैं, जिससे पंजीकरण वाले यात्रियों को दर्शनों में मुश्किल हो रही है। इसलिए, जिले की सीमा में ऋषिकेश-बदरीनाथ और रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिह्नित स्थानों पर यात्रियों के पंजीकरण की चेकिंग की जा रही है। इस दौरान उन्हीं वाहनों को आगे जाने दिया जा रहा है, जिसमें यात्रियों के पंजीकरण किए हुए हैं। कहा कि पंजीकरण नहीं होने की स्थिति में किसी भी यात्री को केदारनाथ नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने यात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण की अपील की है।
ये भी पढ़ें..बदरीनाथ आएगा और पास: हेलंग-मारवाड़ी बाईपास को सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी, चीन सीमा क्षेत्र में सेना की आवाजाही होगी सुगम
जून माह में बढ़ सकती यात्रियों की संख्या
आगामी 27 मई से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो रहा है। ऐसे में जून पहले सप्ताह में केदारनाथ आने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो सकता है। इन हालात में यात्रियों की निर्धारित संख्या कितने दिनों तक बनी रहेगी, यह भी देखने लायक होगा। बता दें कि वर्ष 2019 में केदारनाथ में अकेले जून माह में पांच लाख से अधिक यात्री पहुंचे थे, जो यात्रा के यात्रा के इतिहास में नया रिकॉर्ड है। जून पहले सप्ताह में केदारनाथ आने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
गंगोत्री व यमुनोत्री धामों में पहुंचे 174022 तीर्थ यात्री
गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में 12 दिनों के भीतर 174022 तीर्थ यात्री पहुंच चुके हैं। धामों में लगातार तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। बीते 3 मई को अक्षय तृतीया पर्व पर गंगोत्री व यमुनोत्री धामों के कपाट खोले गए। पहले दिन से ही धामों में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री पहुंचने लगे थे। शनिवार शाम तक दोनों धामों में 174022 तीर्थ यात्री दर्शनों के लिए पहुंच चुके थे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम में 94232 व यमुनोत्री धाम में 79790 तीर्थ यात्री पहुंच चुके हैं। यात्रियों का यह आंकड़ा शनिवार शाम तक का है।