बदरीनाथ चारधाम यात्रा के इंतजामों का कड़ा इम्तिहान लेंगे। चारधाम यात्रा में अब चंद दिन ही शेष रह गए हैं। ज्यादातर ध्यान केदारनाथ में दिया गया। तैयारियों के लिहाज से अन्य धाम पीछे छूट गए। अब हड़बड़ी दिखी है।
खुद सरकार मान रही है कि बदरीनाथ धाम के मार्ग बाधित हैं। गंगोत्री-यमुनोत्री धामों में बिजली-पानी, दूरसंचार सेवा और शौचालय जैसी सहूलियतें नदारद हैं। ऐसे में वक्त रहते तैयारी पूरी होने पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
कब किस धाम के कपाट खुलेंगे
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट 21 अप्रैल
केदारनाथ के 24 अप्रैल
बदरीनाथ धाम 26 अप्रैल
20 को ऊखीमठ से रवाना होगी बाबा केदार की डोली
श्री केदारनाथ यात्रा को लेकर बदरी-केदार मंदिर समिति भी तैयारियों में जुट गई है। श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने से पूर्व बाबा केदार की पंचमुखी मूर्ति की उत्सव डोली के विभिन्न पड़ावों के लिए 20 अप्रैल को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होगी।
बदरीनाथ सामान पहुंचाने के लिए मांगा एमआई-17
राज्य सरकार ने बदरीनाथ में जरूरी सामग्री पहुंचाने केलिए एक बार फिर रक्षा मंत्रालय से एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मांग की है। बदरीनाथ मार्ग पर पिघलकर आए ग्लेश्यिर हटाने और कुछ जगहों पर भूस्खलन से आए मलबे को हटाने का काम जारी है।
हेलीकॉप्टर से केरोसिन, खाद्यान, के अलावा टेंट, जनरेटर, और कुछ तकनीकी उपकरण आदि भेजे जाने हैं। बदरीनाथ धाम मार्ग का हाल बहुत अच्छा नहीं है। कई स्थानों पर अवरोध बने हैं। लिहाजा सरकार हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करना चाह रही है। लेकिन यह मांग पहले भी की जा सकती थी।
सीएम ने दिए निर्देश
बीआरओ के समन्वय से अवरुद्ध मार्ग जल्द खोलें
जरूरत पर स्थानीय श्रमिकों को बढ़ाएं
मजदूरों को केदारनाथ की तर्ज पर मानदेय
बर्फ हटाने के लिए वैज्ञानिक तकनीक अपनाएं
बिजली, पानी, स्वास्थ्य से संबंधी व्यवस्थाएं पूरी करें
डीएम चमोली को हेलीकाप्टर उपलब्ध कराएं (सीएस को निर्देश)
2.5 करोड़ रुपये की तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई
साफ-सफाई के लिए रुद्रप्रयाग को 25 लाख रुपये
मौसम, ट्रैफिक अलर्ट वाले मिलेंगे एसएमएस
चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट दिए जाएंगे। यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के पंजीकरण के दौरान उनके मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएंगे। मोबाइल फोन पर मौसम बिगड़ने या ट्रैफिक से संबंधित स्थिति को लेकर एसएमएस आएगा।
गढ़वाल आयुक्त का बदरीनाथ धाम दौरा
बदरीनाथ यात्रा तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को धूप खिलने के बाद गढवाल आयुक्त सीएस नपच्याल धाम में पहुंचे। आयुक्त ने धाम में पहुंच कर पेयजल, बिजली और पैदल मार्गों के सुधारीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
भाजपा बदरी-केदार के दर्शन को निकली
भाजपा विधायकों व पार्टी पदाधिकारियों की दो टीमें बदरी-केदार यात्रा पर निकली हैं। टीम ने यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं और समस्याओं पर रिपोर्ट तैयार करके राज्यपाल को सौंपेगी।
शनिवार को सीएम लेंगे केदारनाथ का जायजा
शनिवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यो का जायजा लेंगे। यह जानकारी देते जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने दी। मुख्यमंत्री प्रात: 9.30 बजे देहरादून से हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचेंगे।
वहीं, गंगोत्री-यमुनोत्री की तैयारियों का जायजा लेने मुख्य सचिव तीन दिवसीय दौरे पर 19 अप्रैल को उत्तरकाशी पहुंचेंगे।
गंगोत्री-यमुनोत्री में बिजली, संचार सेवा ठप
यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने को महज चार दिन शेष हैं, लेकिन धरातल पर तैयारियां नजर नहीं आ रही हैं। अभी तक दोनों धामों में बिजली और दूरसंचार सेवा बहाल नहीं हो पाई है।