देहरादून। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। इसके चलते राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 21 से 23 जनवरी तक बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में आए बदलाव के चलते मंगलवार को चमोली समेत कई पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी बिक्रम सिंह के मुताबिक 21 जनवरी से एक बार फिर पूरे राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते 21 से लेकर 23 जनवरी तक मैदानी क्षेत्रों में राजधानी दून समेत तमाम जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ जोरदार बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ 21 से लेकर 23 जनवरी शाम तक सक्रिय रहेगा। फिलहाल राज्य के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और बारिश स्थानीय हवाओं के दबाव के चलते हो रही है।
अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग चमोली पिथौरागढ़ जैसे जिलों में बारिश के साथ ही तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी होने की पूरी संभावना है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे जबरदस्त ठंड रहेगी। वहीं मंगलवार को राजधानी दून व आसपास के इलाकों में कई दिनों के बाद पूरे दिन धूप निकली रही। धूप निकलने से लोगों ने ठंड से राहत की सांस ली।
अधिकतम तापमान- 21 डिग्री
न्यूनतम तापमान- 7 डिग्री
सूर्योदय - 7.14 बजे
सूर्यास्त- 6.57 बजे