रामनगर : गर्जिया में नहाते हुए डूबा युवक, मौत
रामनगर (नैनीताल) में बुद्ध पूर्णिमा पर गर्जिया माता मंदिर और कोसी नदी में नहाने के लिए हजारों की संख्या में श्रृद्धालु पहुंचे। इस बीच चंदौसी निवासी एक युवक डूब गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही परिजन शव लेकर चले गए। चंदौसी निवासी नेतराम (40) पुत्र चिरौंजी लाल सोमवार को परिजनों के साथ गर्जिया मंदिर में माता के दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद वे सभी कोसी नदी में नहाने लगे। इस बीच अचानक नेतराम नदी में डूब गया। परिजनों ने उसे किसी तरह नदी से बाहर निकाला और टैंपो से रामनगर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही परिजन शव लेकर चंदौसी चले गए। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों से फोन पर वार्ता की गई। उन्होंने बताया कि नेतराम को कोसी नदी में नहाते हुए मिर्गी का दौरा पड़ा और वह डूब गया था जिससे उसकी मौत हो गई है। परिजन शव लेकर चले गए और किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इनकार किया है।