छोटा शहर होने के कारण नगर पालिका परिषद चंबा ने यह उपलब्धि हासिल कर ली है, लेकिन नगर निगम देहरादून के लिए यह आसान नहीं है। ओडीएफ प्लस के लिए प्रदेश के 90 निकायों ने दावा किया है। इन निकायों का निरीक्षण 31 जनवरी तक पूरा होने के बाद केंद्र की ओर से सूची जारी की जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ प्लस प्लस घोषित होने के लिए प्रत्येक घर में शौचालय होने के साथ ही शहर में सीवरेज व सेफ्टी टैंक सिस्टम, सार्वजनिक शौचालय के मानक तय किए गए है। नगर पालिका परिषद चंबा केंद्र के इन मानकों का खरा उतरी है। यहां सेफ्टी टैंक से एकत्रित होने वाले सीवेज के निस्तारण के लिए पांच एमएलटी का ट्रीटमेंट टैंक बनाया गया है। सार्वजनिक शौचालयों में बिजली, वास बेसिन और सफाई सही पाई गई है। इसके आधार पर केंद्र सरकार ने चंबा शहर को ओडीएफ प्लस प्लस घोषित किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के लिए ओडीएफ प्लस प्लस घोषित चंबा शहर को सीधे 500 अंकों का लाभ मिलेगा।
उत्तराखंड राज्य ने स्वच्छ भारत मिशन में प्रगति की है। चंबा शहर का ओडीएफ प्लस प्लस घोषित होना एक बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश के अन्य शहरों में ओडीएफ प्लस घोषित करने के लिए केंद्र की ओर से निरीक्षण किया जा रहा है। आने वाले समय में प्रदेश स्वच्छता में एक मिसाल तैयार करेगा।
- मदन कौशिक, शहरी विकास मंत्री