चर्चा का विषय बनी हेमंत पांडे की फिल्म ‘चल गुरु हो जा शुरू’ का इंतजार खत्म होने वाला है।
फिल्म 30 जनवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के चर्चा में रहने की प्रमुख वजह है कि यह ओएमजी और पीके की तरह ढोंगी बाबाओं पर तंज कसती नजर आएगी। हेमंत पांडे बाबा की भूमिका में हैं। फिल्म में हरिद्वार और कुमाऊं के कई जगहों के नजारे देखने को मिलेंगे।
शुरू से ही चर्चाओं में है 'चल गुरु हो जा शुरू'
मुख्यमंत्री हरीश रावत रिलीज होने से पहले फिल्म को देखने वाले हैं। अभिनेता हेमंत पांडे 24 जनवरी को फिल्म की प्रोडक्शन टीम के साथ दून पहुंचेंगे। 24 की शाम को टीम उत्तराखंड मुख्यमंत्री हरीश रावत से मुलाकात करेगी। साथ ही उन्हें फिल्म भी दिखाई जाएगी। बता दें कि शुरू से ही हेमंत पांडे की ‘चल गुरु हो जा शुरू’ फिल्म चर्चाओं में है।
शूटिंग से ही यह बात उठने लगी थी कि फिल्म आसाराम बापू पर बन रही है। हालांकि हेमंत पांडे इस बात से इनकार कर रहे हैं। ‘अमर उजाला’ से फोन पर बातचीत में हेमंत पांडे ने बताया कि फिल्म किसी एक बाबा को लेकर नहीं है। बल्कि ऐसे फर्जी बाबाओं पर आधारित है, जो लोगों को बेवकूफ बनाते हैं।
फिल्म के निर्देशक मनोज शर्मा हैं। फिल्म के कलाकारों में चंद्रचूड़ सिंह, संजय मिश्रा, गोविंद पांडे और विजेंद्र काला शामिल हैं। कई धारावाहिकों में काम कर चुकी उत्तराखंड की गीता बिष्ट भी फिल्म में काम कर रही हैं।