आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर उत्तराखंड सरकार सख्त
वहीं चॉपर क्रैश में जान गंवाने वाले सीडीएस बिपिन रावत और अन्य सैनिकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर उत्तराखंड सरकार सख्त हो गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करके कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। सीएम धामी ने ट्वीट किया है कि अगर किसी शरारती तत्व ने कुत्सित मानसिकता का परिचय देते हुए सोशल मीडिया या किसी भी अन्य रूप में दिवंगत सैनिकों पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की तो हमारी सरकार द्वारा उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। हमारे लिए सैनिकों का सम्मान सबसे बढ़कर है। दिवंगत जनरल बिपिन रावत हमेशा उत्तराखंड का स्वाभिमान रहेंगे।
अपमानजनक टिप्पणी करने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में
सीडीएस जनरल बिपिन रावत की शहादत पर सोशल मीडिया में अपमानजनक टिप्पणी करने वाले देवल गांव निवासी हरेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल करते हुए गलती होने की बात कही। बता दें कि गुरुवार को इस मामले में भाजपा मंडल के सदस्यों एवं युवाओं ने आरोपी युवक के खिलाफ उपजिलाधिकारी को तहरीर दी थी, जिस पर उपजिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को जांच करके लिए कहा था। थानाध्यक्ष बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर पर देवल निवासी हरेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। आरोपी को सख्त हिदायत देते हुए थाने से जमानत दे दी गई।
अखाड़ा परिषद बिपिन रावत की स्मृति में बनाएगा शहीद सैन्य धाम
श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े की देशभर की शाखाओं एवं मठों में देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी एवं अन्य सैन्य अधिकारियों के आकस्मिक निधन पर उनकी आत्माओं की शांति के लिए विशेष श्रद्वांजलि सभा एवं शांति यज्ञ आयोजित हुए। हरिद्वार में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़ा सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी और महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी ने कहा कि अखाड़े एवं संत समाज मिलकर जनरल बिपिन रावत की स्मृति में भव्य शहीद धाम बनाएंगे। जो उत्तराखंड का पांचवां धाम बनेगा। उत्तराखंड के चारों पवित्र धामों की यात्रा के साथ इस धाम के दर्शन के लिए भी यात्री आएंगे।
श्रीमहंत हरिगिरि ने कहा इस दुख की घड़ी में पूरा संत समाज एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद दिवंगत शहीदों के परिजनों एवं राष्ट्र के साथ दृढता से खड़ा है। उन्होंने कहा कि अमर शहीद जनरल बिपिन रावत उत्तराखंड के अनमोल रत्न थे। जिन्होंने अपनी चमक से पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया। श्रीमहंत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनरल बिपिन रावत की स्मृति में भव्य स्मारक बनाए। यदि सरकार अखाड़ा परिषद को भूमि उपलब्ध कराती है तो अखाड़ा परिषद समस्त अखाड़ों और साधु-संतों के सहयोग से भव्य स्मारक एवं धाम बनाएंगे। उन्होंने दुर्घटना में शहीद सैन्य अधिकारियों के परिजनों को केंद्र सरकार 50-50 करोड़ आर्थिक सहायता देने की मांग की।