केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं कक्षा की टर्म-1 परीक्षाओं के नतीजे बोर्ड परीक्षाओं के खत्म होने के बाद जारी किए जाएंगे। शिक्षकों का कहना है कि जनवरी माह में टर्म-1 की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जा सकता है। दसवीं कक्षा बोर्ड के मुख्य विषयों की परीक्षाएं 11 दिसंबर को खत्म हो गई थीं। जबकि बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 22 दिसंबर को खत्म हो जाएंगी।
पहली बार बोर्ड की परीक्षाओं को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। जबकि छात्रों ने भी पहली बार ओएमआर शीट पर परीक्षाएं दी। ऐसे में परीक्षा खत्म होने के दिन ही परीक्षाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि मूल्यांकन होने के बाद छात्रों को पेपर के अंक दिए जाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि टर्म-1 परीक्षाओं के रिजल्ट जनवरी में आ सकते हैं। छात्रों की ओएमआर शीट के जवाबों का मूल्यांकन करके उन्हें सिर्फ अंक जारी किए जाएंगे। फाइनल रिजल्ट, मार्च-अप्रैल 2022 में टर्म-2 परीक्षा के खत्म होने के बाद जारी किए जाएंगे। एनआईपीवीडी के प्रधानाचार्य अमित शर्मा ने बताया कि परीक्षा के दिन ही मूल्यांकन कर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नंबर अपलोड किए गए। बोर्ड की ओर से जनवरी माह में रिजल्ट जारी किया जा सकता है।