सीबीएसई 12वीं का परीक्षा परिणाम 30 जुलाई को जारी किया गया था। देहरादून रीजन का परिणाम बीते दो सालों की तुलना में इस बार 15.42 फीसदी अधिक रहा। जबकि 98.64 फीसदी छात्रों ने परीक्षा पास की। सीबीएसई के देहरादून रीजन में उत्तराखंड के सभी 13 और उत्तरप्रदेश के आठ जिलों के स्कूल आते हैं।
इस साल कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा के लिए देहरादून रीजन में उत्तराखंड के 486 और यूपी के 336 स्कूलों के 71063 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें से 67421 नियमित और 3642 प्राइवेट छात्र थे। स्कूलों के 64531 में से 63654 छात्रों ने परीक्षा पास की। देहरादून रीजन के क्षेत्रीय निदेशक रणबीर सिंह ने पास हुए सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बोर्ड परिणाम बनाने में पूरी पारदर्शिता एवं गाइडलाइन का पालन किया गया है।
12वीं में राघव और शताक्षी ने पाए थे सबसे ज्यादा अंक
बता दें कि 12वीं में काशीपुर के लिटिल स्कॉलर स्कूल के छात्र राघव जिंदल ने कुमाऊं में सर्वाधिक 99.8 फीसदी अंक हासिल किए हैं। जबकि गढ़वाल में ऋषिकेश की बेटी शताक्षी गुप्ता ने सबसे ज्यादा 99.60 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
पिछले तीन साल का 12वीं का रिजल्ट प्रतिशत
2019 73.57 फीसदी
2020 83.22 फीसदी
2021 98.64 फीसदी
सीबीएसई की ओर से बोर्ड रिजल्ट से असंतुष्ट छात्रों के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। परीक्षा देने के इच्छुक छात्र पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। छात्रों को इसकी सूचना स्कूलों को भी देनी होगी। 10 विषयों की लिखित परीक्षा 16 अगस्त से 15 सितंबर के बीच हो सकती है।
कोरोना के चलते बोर्ड परीक्षा रद्द होने के बाद सीबीएसई ने पुरानी व वर्तमान दोनों कक्षाओं के अंक, प्रोजेक्ट और असाइनमेंट के आधार पर छात्रों को नंबर दिए हैैं। अंक वितरण की इस प्रणाली से कई छात्र संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे छात्रों को बोर्ड ने लिखित परीक्षा देने का मौका दिया है। सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक रणबीर सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए सीबीएसई के पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
इसके लिए पोर्टल खोल दिया है। साथ ही परीक्षा देने के इच्छुक छात्रों को इसकी सूचना अपने स्कूल को भी देनी होगी। स्कूल की ओर से ऐसे छात्रों की सूची के साथ पूरी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी। इसके बाद असंतुष्ट छात्रों के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा। परीक्षा कार्यक्रम पर अंतिम निर्णय कोरोना संक्रमण की स्थिति के अनुसार कुछ दिन बाद लिया जाएगा। लिखित परीक्षा में आने वाले अंक से ही फाइनल रिजल्ट बनाया जाएगा। इस संबंध में सभी स्कूलों को सूचित कर दिया गया है।