देहरादून। गुजराड़ा सहस्रधारा रोड स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए भर्ती युवक की संदिग्ध मौत मामले में नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा मृतक युवक के भाई की तहरीर के बाद दर्ज किया गया।
नई बस्ती नालापानी रोड निवासी अनुज शराब पीने का आदी था। कुछ दिन पहले उसके परिजनों ने सहस्रधारा रोड गुजराड़ा स्थित न्यू फ्यूचर सोसाइटी नशा मुक्ति केंद्र में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया था। अनुज के भाई पंकज कुमार ने बताया कि भर्ती होने के बाद नशा मुक्ति केंद्र वालों ने कहा था कि वह 40 दिन तक अनुज से संपर्क नहीं करेंगे, लेकिन बृहस्पतिवार को केंद्र से फोन से माध्यम से उन्हें सूचित किया गया कि अनुज की तबीयत खराब है और उसे कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वह कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही अनुज की मृत्यु हो चुकी है। बताया कि अनुज के सिर पर चोट के निशान भी थे। भाई पंकज के शिकायत के बाद राजपुर पुलिस ने न्यू फ्यूचर सोसाइटी नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से मौत होने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।