देहरादून। एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना) के एक सिपाही पर युवती से छेड़छाड़ में के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने पासपोर्ट आवेदन के सत्यापन के दौरान युवती से शराब की बोतल और पांच सौ रुपये भी मांगे थे। न देने पर उसने शारीरिक छेड़छाड़ की। सिपाही को निलंबित भी कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला वसंत विहार थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक युवती ने पिछले दिनों पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। नियमानुसार इसकी एलआयू जांच भी होती है। इसके लिए एलआईयू के सिपाही केदार पंवार की ड्यूटी लगी थी। युवती का कहना है कि पंवार उसके पास रविवार को आया था। यहां उसने कागजातों में कई तरह की त्रुटियां बतानी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती से शारीरिक छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो वह दूर हट गया।
इसके बाद उसने रुपये मांगे तो युवती ने उसे 500 रुपये भी दे दिए। आरोप यह भी हैं कि सिपाही यहीं नहीं रुका। उसने शराब की बोतल भी मांगी। लेकिन, युवती ने इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने इसकी शिकायत पुलिस को कर दी। उसकी शिकायत के आधार पर सिपाही केदार पंवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही अगली कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।