सीबीएसई के देहरादून क्षेत्रीय अधिकारी मनोज श्रीवास्वत संयुक्त सचिव पद पर प्रमोट होने के बाद मंगलवार को दून से विदा हो गए। उनकी जगह अब इस पद पर रनबीर सिंह की ताजपोशी हो गई है। विदाई के समय मनोज श्रीवास्तव काफी भावुक नजर आए। सभी कर्मचारियों ने उन्हें विदाई दी।
सीबीएसई के देहरादून कार्यालय की स्थापना तीन वर्ष पूर्व की गई थी। पहले रीजनल ऑफिसर के तौर पर मनोज श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हाल ही में उनका प्रमोशन संयुक्त सचिव पद पर हो गया। उन्होंने मंगलवार को दून से विदाई ले ली। अब वह दिल्ली में कार्यभार संभालेंगे। क्षेत्रीय अधिकारी पद पर सीबीएसई के अधिकारी रनबीर सिंह की ताजपोशी हो गई है।
स्कूलों और छात्रों की समस्या प्राथमिकता पर
अमर उजाला से खास बातचीत में रनबीर सिंह ने कहा कि वे सभी स्कूलों और छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता पर दूर करेंगे। इसके अलावा सीबीएसई के स्थायी कार्यालय के लिए जमीन लेने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे रीजन से जुड़े पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के करीब 1400 स्कूलों में सीबीएसई के सभी नियमों का अनुपालन कराने के साथ ही छात्रों की समस्याओं को नियमों के दायरे में रहकर दूर करेंगे।
रनबीर 2002 से जुड़े सीबीएसई से
सीबीएसई के नए क्षेत्रीय अधिकारी रनबीर सिंह तोमर का यह चौथा विभाग है। उन्होंने वर्ष 2002 में सीबीएसई ज्वाइन किया था। इसके बाद वर्ष 2014 में यह ट्रांसफर होकर देहरादून आए थे। फरवरी 2015 में वह दिल्ली ट्रांसफर हो गए थे और इसके बाद नवंबर 2015 में दोबारा दून आ गए थे।