उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल परीक्षा फर्जीवाडे़ में एसआईटी की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
एसआईटी ने सोमवार को श्रीनगर मेडिकल कालेज पहुंचकर पत्रावलियों की जांच पड़ताल की। यहां पर कई छात्रों की डिग्री पर सवाल उठ रहे है। एसएसपी डा. सदानंद दाते ने बताया कि जांच में और नए तथ्य सामने आए हैं, जिसमें कुछ और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
देहरादून में सात अगस्त को हुई यूएपीएमटी परीक्षा में पुलिस ने दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान परीक्षा देते हुए सात जालसाजों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में देहरादून और हरिद्वार में चार मामले दर्ज हुए, जिसके बाद करीब 24 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि करीब 30 छात्र निष्कासित किए जा चुके हैं।
मामला बड़ा होने के कारण 24 अगस्त को एसएसपी ने सीओ सिटी मनोज कत्याल की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी अब तक इस मामले में उत्तराखंड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी को कई नोटिस जारी कर चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते ने सोमवार को बताया कि एमबीबीएस के छात्रों की संलिप्तता होने की सूचनाएं मिली है। पुष्टि के लिए टीम को श्रीनगर मेडिकल कालेज भेजा गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य इस मामले में और लोग गिरफ्तार किए जा सकते हैं।