पलटन बाजार में अंडर ग्राउंड बिजली की केबल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। एसडीएम के निर्देश के बाद ऊर्जा निगम के ईई मुनीष चंद्रा ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि दस दिन के अंदर यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद लोनिवि यहां सड़क मरम्मत का काम शुरू करेगा।
पलटन बाजार में घंटाघर से कोतवाली तक स्मार्ट सिटी के अधिकतर कार्य पूरे हो चुके हैं। अब केवल यहां नाली निर्माण और डक्ट के अंदर बिजली आदि का कार्य बाकी है। कोतवाली से आगे लक्खीबाग चौकी तक महीनों से खोदाई की गई है। इससे व्यापारियों के साथ ही आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों के आक्रोश के बाद दो दिन पहले डीएम के निर्देश पर एसडीएम केके मिश्रा ने निरीक्षण किया था। उन्होंने यहां तत्काल नगर निगम, ऊर्जा निगम, पीडब्ल्यूडी आदि को काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। ऊर्जा निगम को यहां पाइप डालकर बिजली की तार अंडर ग्राउंड करनी है। मंगलवार को ऊर्जा निगम ने इसका कार्य आरंभ कर दिया है।
ऊर्जा निगम के ईई सेंट्रल मुनीष चंद्रा ने कहा कि 10 दिन के भीतर ऊर्जा निगम अपना काम खत्म कर देगा। वहीं, दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऊर्जा निगम अपना कार्य समय से पूरा करेगा। इस दौरान पंकज डीडान, शेखर फुलारा, मनन आनंद, दिव्य सेठी, विनीत मिश्रा, राशिद खान, मोहित भटनागर, राजीव रस्तोगी, हीमानशु मौजूद रहे।