हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में बाणगंगा नदी में दोस्तों संग नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने दो घंटे बाद किशोर का शव ढूंढ निकाला।
किशोर की मौत से गांव में सन्नाटा छाया हुआ है। घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे के आस पास की है।
सात बच्चे गए थे नहाने
पथरी क्षेत्र स्थित गांव बादशाहपुर से सात बच्चे पास में ही बाणगंगा में स्नान करने गए थे। गंगा में स्नान करते वक्त एक किशोर लालू 12 वर्ष पुत्र प्रेम डूबने लगा। देखते ही देखते लालू को गंगा ने आगोश में ले लिया। डरे सहमे अन्य बच्चों ने तुरन्त गांव पहुंचकर परिजनों को लालू के डूबने की सूचना दी।
दो घंटे बाद मिला शव
बच्चे के डूबने की सूचना मिलते ही परिजन तथा ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद ग्रामीणों ने शव को गंगा से निकाल लिया।
बालक की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पथरी पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। मृतक बालक के माता पिता पेशे से दिहाड़ी मजदूर है और उसके चार भाई बहन हैं।