भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में दो पूर्व कार्यकर्ताओं को भी याद किया। 54 पृष्ठों के इस दृष्टि पत्र में भाजपा ने पंडित देवेंद्र डबराल शास्त्री और सोबन सिंह जीना का स्मरण किया। भाजपा ने कहा है कि दोनों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अलावा भी ऐसे कई कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश, राज्य व विचारधारा के लिए होम कर दिया। उन सभी के नि:स्वार्थ सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्रवाद के लिए उन्हें नमन किया गया।
पूर्व सीएम निशंक के संयोजन में बना दृष्टि पत्र
भाजपा ने दृष्टि पत्र तैयार करने के लिए समिति का गठन किया था। इसके संयोजक पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक थे। सह संयोजक राज्यसभा सांसद नरेश बंसल थे। समिति में कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, विधायक चंदन रामदास, हरभजन सिंह चीमा, ऋतु खंडूरी के साथ ही पॉलिसी रिसर्च विभाग के संयोजक डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ शामिल रहे।
दृष्टि पत्र में ऐपण की झलक
उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध ऐपण कला को भी भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में स्थान दिया है। दृष्टि पत्र के कवर के भीतर के दोनों पृष्ठों को ऐपण से सजाया गया है। दोनों पृष्ठों पर भाजपा ने अपने नारे भी लिखे हैं।
...जब गडकरी ने पहनी उत्तराखंडी टोपी
मंच पर बैठे नेताओं के बीच जब केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे तो केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उन्हें उत्तराखंडी टोपी पहना दी। यह देखकर सभी हंसने लगे। यह वैसी ही टोपी थी, जो प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान पहनी थी।
मंच पर पटके पहनाने के लिए भाजपा नेताओं के उतारे
कार्यक्रम के दौरान मंच पर अव्यवस्थाएं भी दिखीं। सभी नेताओं को भाजपा के पटके पहनाने की मंच से घोषणा हो गई, लेकिन पटके ही उपलब्ध नहीं थे। आखिरकार सामने बैठे कई नेताओं के पटके उतारकर मंच पर बैठे नेताओं को पहनाए गए।
भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र 2022 में महिलाओं को नए कारोबार के लिए 25 हजार रुपये वित्तीय अनुदान दिए जाने का वादा किया है। स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत यह अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा विधवा पेंशन को एक हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये किया जाएगा।
भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में महिलाओं के लिए कई एलान किए हैं। दृष्टि पत्र में कहा गया है कि पोषण अभियान का सभी जिलों में विस्तार किया जाएगा। प्रदेश में महिला अस्पतालों की संख्या को छह से बढ़ाकर 13 किया जाएगा। किशोरियों को राज्य पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस बलों, बीएसएफ और अन्य अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने एवं निशुल्क शिक्षा के लिए दो रानी कर्णावती स्कूल स्थापित किए जाएंगे।
उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए 13 अत्याधुनिक बालिका छात्रावास स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश भर में महिला स्वयं सहायता समूहों की व्यावसायिक पहल की सहायता के लिए एक विशेष 500 करोड़ के कोष की स्थापना की जाएगी। 20 लाख रुपये तक के बैंक लिंकेज ऋण प्रदान करेंगे। यह ऋण केवल प्रदेश की महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वयं सहायता समूहों को प्रदान किए जाएंगे।
यह भी किया वादा
- राज्य के सभी गरीब घरों में एक वर्ष में तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर
- पर्वतीय जिलों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को 40 हजार रुपये का मातृत्व अनुदान
- औद्योगिक शहरों में कार्यरत महिलाओं के लिए 10 नए महिला आवास
- महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गौरा देवी कैंटीन होगी स्थापित
भूतपूर्व सैनिकों और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसाएंगे
भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में सुरक्षित देवभूमि और सुशासन का वादा किया है। दृष्टि पत्र में सीमावर्ती जिलों एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए सीमांत क्षेत्र विकास बोर्ड का गठन करने का वादा किया गया है। राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए हिम प्रहरी योजना शुरू करने की बात कही गई है। इसके तहत राज्य के भूतपूर्व सैनिकों एवं युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकटवर्तीय जिलों में बसने के लिए प्रेरित किया जाएगा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके लिए मिशन मोड पर राज्य के प्रत्येक जिले में भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण हो रहे भू एवं जनसांख्यिकीय परिवर्तन से संबंधित विषयों की जांच एवं समाधान के लिए एक अधिकार प्राप्त समिति के गठन का वादा किया गया है। इसके साथ ही सीमांत एवं अन्य पर्वतीय जिलों में युवा उद्यमियों के लिए 2500 करोड़ रुपये की धनराशि से एक क्रेडिट गारंटी फंड की स्थापना की बात कही गई है। इसके अलावा विविध इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय के अंतर्गत उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर वॉर रूम की स्थापना की भी बात कही गई है। इसके अधीन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) यूनिट गठित की जाएगी, जिसमें उच्च कोटि के अनुभवी विशेषज्ञ को रखा जाएगा। यह यूनिट महत्वपूर्ण योजनाओ को तैयार करने और वित्तीय सहायता की संस्तुति करेगी। भाजपा ने अगले पांच वर्षों में भूमि रिकॉर्ड एवं सभी सरकारी रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण करने का भी सपना दिखाया है।
भाजपा ने प्रदेश में दोबारा सत्ता वापसी होने पर सड़क से लेकर हवाओं तक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के वादे किए हैं। इनमें जहां सड़कों के लिए एक्सप्रेस-वे पर जोर दिया गया है तो दूसरी ओर पहाड़ के मुश्किल हालात में रोपवे के लिए पर्वतमाला परियोजना की बात की है।
भाजपा की दृष्टि पत्र में सड़कों के लिए दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे, दून से दिल्ली के बीच तेजस एक्सप्रेस का काम तेजी से पूूरा करने का वादा किया गया है। इसकके अलावा देहरादून-पांवटा साहिब सड़क परियोजना, एनएच 125 सितारगंज-टनकपुर खंड, एनएच 87 के रुद्रपुर-काठगोदाम खंड को चार लेन बनाने, रुड़की-छुटमलपुर-गागलहेड़ी एनएच-73 और छुटमलपुर-गणेशपुर एनएच-72 को चार लेन बनाने की बात भी की गई है।
देहरादून-जौलीग्रांट एक्सप्रेस-वे, दून और हल्द्वानी में मोबिलिटी हब बनाने, सड़कों को चरणबद्ध तरीके से कंक्रीट में अपग्रेड करने, मेरा गांव-मेरी सड़क योजना से हर गांव तक पक्की सड़क, मिशन हिमवंत के तहत आपदा के नुकसान को कम करने के लिए कदम उठाने का वादा भी भाजपा ने किया है। भाजपा ने देहरादून-हरिद्वार लाइट मेट्रो परियोजना को मंजूरी देने, किच्छा-खटीमा परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग और टनकपुर-बागेश्वर का काम तेजी से पूरा करने की भी प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार रेलवे लाइन को डबल करने, पौड़ी-अल्मोड़ा के बीच रेल मार्ग की संभावना पर भी काम करने का ऐलान किया है।
भाजपा ने हवाई सेवाओं के तहत दृष्टिपत्र में पंतनगर, गौचर और नैनी सैनी का नवीनीकरण करने, जिला मुख्यालयों को हैलो टैक्सी सेवा से जोड़ने, नई ड्रोन नीति बनाकर कृषि, आपदा राहत और दवाओं के वितरण में ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा देने की उम्मीद भी जगाई है। रोपवे के नजरिए से भाजपा ने देहरादून-मसूरी रोपवे, गोविंदघाट-घांघरिया, सोनप्रयाग-केदारनाथ, हल्द्वानी-नैनीताल, जानकीचट्टी-यमुनोत्री रोपवे के निर्माण के लिए रोपवे विकास निगम की स्थापना का ऐलान भी किया है। साथ ही पहाड़ के दस जिलों में पर्वतमाला परियोजना के तहत रोपवे परिवहन नेटवर्क बनाने की भी घोषणा की।
5000 नई बसें, एक हजार इलेक्ट्रिक बसें
भाजपा ने दोबारा सत्ता वापसी पर परिवहन निगम के लिए 5000 नई बसें जोड़ने और 1000 इलेक्ट्रिक बसें लाने का भी ऐलान किया। इलेक्ट्रिक वाहनों की आवाजाही को सक्षम बनाने के लिए वाहन चार्जिंग स्टेशन व बुनियादी ढांचा मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही ट्रक व टैक्सी ड्राइवरों को भाजपा ने दस लाख रुपये का दुघर्टना बीमा देने का ऐलान किया है।
20 शहरों में हर घर गैस पाइनलाइन
भाजपा ने प्रदेश के 20 प्रमुख शहरों में हर घर तक गैस पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने, सौर ऊर्जा पहले से अधिकतम ऊर्जा के लिए बिश्नी देवी सौर मिशन का वादा किया। 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए बैटरी पावर रिजर्व बनाने की भी घोषणा की। नैटवार मोरी जल विद्युत परियोजना, टिहरी पंप स्टोरेज, विष्णुगाड पीपलकोटी, तपोवन विष्णुगाड एचईपी, व्यासी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट, लखवाड़ परियोजना, जमरानी को भी समयबद्ध पूरा करने का ऐलान किया है।