मैदानी क्षेत्रों में पड़ रहे घने कोहरे का असर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों पर भी पड़ रहा है। देर रात को चलने वाली बसों का संचालन दो से तीन घंटे तक प्रभावित हो रहा है। दिल्ली, हल्द्वानी, चंडीगढ़, हिमाचल, राजस्थान आदि रूटों पर जाने-आने वाली बसों की सवारियों को ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है।
अफसर बस अड्डों से तो बसों को तय समय पर संचालन कर रहे हैं, लेकिन रास्ते में कोहरा अधिक होने के कारण बसें निर्धारित समय से दो-तीन घंटे देरी से पहुंच रही हैं।
निगम लगा रहा बसों में फॉग लाइट
बढ़ते कोहरे को देखते हुए निगम ने बसों में फॉग लाइटें लगानी शुरू कर दी है। आईएसबीटी पर तैनात डीजीएम संचालन आरपी भारती ने बताया कि कोहरे से निपटने के लिए बसों में फॉग लाइट लगाई जा रही है।
कई बार अधिक कोहरा होने के कारण ड्राइवरों को रास्ते में गाड़ी रोकनी पड़ रही है। समय सारणी में परिवर्तन केसवाल पर उन्होंने कहा कि अभी ऐसी नौबत नही आई है कि समय बदलना पडे। कोहरे की वजह से कोई दुर्घटना न हो इसके लिए पूरी सावधानी बरती जा रही है।