बार-बार बंद हो रहा बदरीनाथ राजमार्ग रविवार को चमोली जिले के टैया पुल और लामबगड़ में सात घंटे बाधित रहा। तड़के हुई भारी बारिश के बाद दोनों जगहम राजमार्ग पर बड़ी मात्रा में बोल्डर और मलबा आ गया।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम ने दोपहर 12 बजे मार्ग खोला। हाईवे अवरुद्ध होने के चलते गोविंदघाट गुरुद्वारा प्रबंधन ने हाईवे पर ही लंगर लगाकर हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ जा रहे 140 श्रद्धालुओं को खाना खिलाया।
12 दिन भी नहीं खुला गंगोत्री मार्ग
उधर, उत्तरकाशी के गंगनानी में बंद गंगोत्री हाईवे 12 दिन बाद भी नहीं खुल सका। बल्कि, शनिवार रात हुई बारिश से मार्ग लालढांग और सुक्की टॉप में भी बंद हो गया।
हाईवे बंद होने से गंगा घाटी के ग्रामीणों की मुसीबत और बढ़ गई है। उधर, शनिवार दोपहर सिलाई बैंड पर बंद यमुनोत्री हाईवे रविवार सुबह खुल गया है।
15 ने किए केदार दर्शन
सोनप्रयाग। रविवार को सोनप्रयाग से 35 श्रद्धालु केदारनाथ के लिए रवाना हुए। इसके अलावा रविवार को 15 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए।