उत्तराखंड में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लैंसडौन (जयहरीखाल) में कार्यरत एक एसोसिएट प्रोफेसर पर एक छात्रा के कमरे में घुसकर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा किया।
छात्रों ने आरोपी प्रोफेसर का मुंह काला कर कॉलेज परिसर में घुमाया और उसकी जमकर धुनाई की। सूचना मिलते ही लैंसडौन पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर आरोपी शिक्षक को पुलिस थाने ले गई।
नायब तहसीलदार ने छात्रा के बयान दर्ज किए हैं।
छात्रा के साथ रंगरेलियां मनाने का आरोप
बुधवार सुबह जयहरीखाल के पास के ग्राम ओडल के कई ग्रामीण पीजी कॉलेज पहुंचे।
उन्होंने कॉलेज में कार्यरत एक शिक्षक पर गांव में किराए के मकान पर रह रही छात्रा के साथ रंगरेलियां मनाने का आरोप लगाया।
कहा कि उक्त शिक्षक बुधवार सुबह छात्रा के कमरे पर आया। जिसे ग्रामीणों ने अश्लील हरकत करते हुए देखा। ग्रामीणों की ओर से प्राचार्य को इस आशय की लिखित शिकायत की गई। यह खबर लगते ही छात्र आग बबूला हो गए।
छात्रों ने आरोपी शिक्षक का मुंह काला कर कॉलेज परिसर में घुमाया और जमकर धुनाई कर डाली। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शालिनी मौर्य और एसएसआई मरोज कुमार कॉलेज पहुंचे।
आरोपी शिक्षक को कॉलेज से हटाने की मांग
पुलिस आरोपी शिक्षक को कोतवाली ले गई है। उधर, छात्रों और ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को कॉलेज से हटाने की मांग की।
कहा कि उक्त शिक्षक की गतिविधियां ठीक नहीं हैं, जिससे कॉलेज और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप रावत, मधुकांत नेगी, नीरज रावत, प्रमोद रावत ने मामले को गंभीर बताया।
कहा कि शिक्षक के मोबाइल पर कई अश्लील एसएमएस मिले हैं, जो छात्रा को भेजे गए थे। प्रभारी प्राचार्य डॉ. केपी दुतपुड़ी ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दी है।
उन्होंने पुष्टि की है कि स्थानीय लोगों और छात्रों की ओर से एक शिक्षक के खिलाफ शिकायत मिली है।