देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) से संबद्ध संस्थानों में हुई सम-सेमेस्टर परीक्षाओं के अन्य विषयों में भी गड़बड़ी की आशंका है। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी का प्रश्न पत्र भी आरोपी सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने तैयार किया था।
ऐसे में इस परीक्षा में भी गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए विवि ने परीक्षा को रद्द किया। इतना ही नहीं डॉ. पटेल ने इस पूरे प्रकरण में अन्य लोगों के मिले होने की भी आशंका जताई है। उधर विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य की परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए संबद्ध सभी संस्थानों को सख्त निर्देश दिर जाएंगे। विवि की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि पात्र छात्रों के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा।