उत्तराखंड में एंटी रैबीज वैक्सीन का संकट गहराता जा रहा है। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल दून में केवल 80 वैक्सीन शेष रह गईं। वहीं कई अस्पतालों में वैक्सीन काफी दिन पूर्व ही खत्म हो चुकी है। दूसरी ओर डिमांड के अनुसार दवा की सप्लाई ना करने पर स्वास्थ्य महानिदेशालय ने कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया है।
पिछले काफी दिनों से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में एंटी रेबीज वैक्सीन का टोटा बना हुआ है। अस्पतालों ने काफी समय पहले ही अपनी डिमांड स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेज दी। महानिदेशालय के स्तर से संबंधित कंपनी कैडिला फार्मास्यूटिकल को दो हजार वाइल (दवा की पूरी खुराक) की डिमांड भेजी।
करीब डेढ़ माह बाद कंपनी ने महज 200 वाइल ही भेजी। इसके बाद महानिदेशालय ने दोबारा कंपनी को डिमांड भेजी तो वहां से कोई जवाब नहीं मिला। अब ज्यादातर अस्पतालों में वैक्सीन लगभग खत्म हो गई है। दून अस्पताल में रोजाना सौ से 150 वैक्सीन इस्तेमाल होते हैं जबकि स्टॉक में केवल 80 वैक्सीन शेष हैं।