अर्द्धकुंभ मेले के पहले स्नान पर हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। गंगा में स्नान के साथ श्रद्धालुओं ने अन्य धार्मिक कर्म भी संपन्न कराए। पहले स्नान को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे। अधिकारी लगातार मेले की व्यवस्थाओं नजर रखे रहे। हर यात्री को सुरक्षा व्यवस्था के घेरे से गुजरना पड़ा। स्नान सकुशल संपन्न होने पर अधिकारियों से राहत की सांस ली है।
अधिकारियों का दावा है कि पहले दिन करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल से भी श्रद्धालु आए थे।
अर्द्धकुंभ मेले के पहले स्नान के लिए श्रद्धालु बुधवार से ही आने शुरू हो गए थे। बृहस्पतिवार की तड़के स्नान शुरू हुआ तो घाटों पर श्रद्धालुओं का उमड़ना शुरू हो गया था। धीमी गति से शुरू हुआ स्नान दिन चढ़ने के साथ ही धीरे-धीरे बढ़ता गया। आठ बजे तक अच्छी खासी भीड़ हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर उमड़ चुकी थी।