भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इसी महीने उत्तराखंड आएंगे। फिलहाल प्रदेश संगठन की तरफ से भेजे गए 11 सितम्बर के कार्यक्रम को शाह की तरफ से मनाही हो गई है।
इसके पीछे 13 सितम्बर को यूपी में होने वाले उपचुनाव मुख्य वजह है लेकिन 14 सितम्बर को शाह का पतंजलि योग पीठ हरिद्वार में आने का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। यह भी हो सकता है कि वह इसी दिन वह पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी करें।
प्रदेश भाजपा को नहीं दिया समय
प्रदेश भाजपा संगठन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पत्र भेजकर 11 सितम्बर को प्रदेश संगठन की एक मीटिंग में भाग लेने का आग्रह किया था लेकिन शाह ने इस तारीख को आने से मना कर दिया है। तेरह तारीख को यूपी की 12 विधानसभा सीटों पर उप-चुनाव है।
इस बैठक के पीछे यह उद्देश्य है कि पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रण्नीति तैयार की जा सके। बैठक में सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेता, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, जिला व मंडलों के अध्यक्षों, मोर्चो के पदाधिकारियों को बुलाया जाना है।
बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों को लेकर मंथन होना था जहां पर भाजपा की स्थिति ज्यादा खराब थी ताकि 2017 की तैयारियों की शुरूआत की जा सके। लेकिन इस तारीख के लिए भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने की सहमति नहीं मिली।
पर पतंजलि आएंगे अमित शाह
हालांकि संगठन ने 11 सितम्बर की बैठक के लिए पूरी तैयारी की है। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलाध्यक्षों को चिट्ठी भी भेज दी है। उधर, अमित शाह का हरिद्वार पतंजलि योग पीठ में आने का कार्यक्रम तय हो गया है।
वैसे प्रदेश संगठन ने 11, 21 व 25 सितम्बर में से किसी दिन का समय मांगा है। अब अमित शाह के ऊपर है कि वह कौन सी तारीख मुकर्रर करेंगे। वैसे संगठन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।