गृहमंत्री अमित शाह के जनपद भ्रमण के दौरान दून की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। डीआईजी गढ़वाल व एसएसपी ने शुक्रवार को सुरक्षा में नियुक्त किए गए पुलिस बल की ब्रीफिंग की। निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद देहरादून द्वारा ड्यूटी में लगने वाले पुलिस बल को निर्देशित किया कि वीआईपी ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अपनी ड्यूटी के संबंध में जानकारी प्राप्त कर लें तथा ड्यूटी स्थल व उसके आसपास के स्थान को भली-भांति चैक कर लिया जाए। वीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा की दृष्टि से कड़ी नजर रखी जाए।
एंटी सबोटाज चेकिंग के पश्चात ही लोगों को कार्यक्रम स्थल में जाने की अनुमति दी जाए। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न किया जाए। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी, कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक जीआरपी, कमांडेंट 40वीं वाहिनी पीएसी के साथ ही पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।