फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भ्रष्टाचार पर शाह ने भरी हुंकार, निशाने पर CM रावत, राहुल को भी नहीं बख्शा

Tue, 22 Nov 2016 09:57 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, अल्मोड़ा
विज्ञापन
अमित शाह - फोटो : AmarUjala
विज्ञापन
मंगलवार को अल्मोड़ा पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रदेश का विकास चाहिए तो उत्तराखंड से कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंको। शाह ने प्रदेश के विकास के नाम पर भाजपा के लिए वोट मांगे। भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तीखा हमला बोला और वन रैंक, वन पेंशन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी नहीं बख्शा।
विज्ञापन


शाह ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और राज्य में भी भाजपा की सरकार होगी तो प्रदेश संपन्न हो जाएगा। सोबन सिंह जीना परिसर मैदान में खासी संख्या में जुटे लोगों से शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश का विकास अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम हुआ है। भाजपा ने उत्तराखंड के रूप में एक स्वस्थ राज्य को जन्म दिया था।

कांग्रेस ने एक सौतेली मां की तरह इस राज्य की तंदुरुस्ती को छीन लिया। अपने इस बच्चे की हालत को देखकर इस समय सबसे अधिक दर्द बीमार पड़े अटल बिहारी वाजपेयी को हो रहा है।
विज्ञापन

पहाड़ का पानी और जवानी आएगी पहाड़ के काम

अमित शाह - फोटो : AmarUjala
पहले कहा जाता था कि उत्तराखंड पड़ोसी उत्तर प्रदेश राज्य का हिस्सा है, इसलिए विकास नहीं हो पा रहा है। अब हरीश रावत की कांग्रेस सरकार के समय उत्तर प्रदेश से भी कम विकास प्रदेश का हो रहा है।

शाह ने कहा कि पर्यटन केंद्र बनाने, पलायन रोकने, पानी और जवानी को प्रदेश के काम में लाने, बिजली की संभावनाओं पर शोध करने के लिए प्रदेश में भाजपा की सरकार का बनना जरूरी है। भाजपा की सरकार पर्वतीय प्रदेश की स्थिति के अनुरूप कृषि में बदलाव लाएगी, प्रदेश का औद्योगिकीकरण करेगी और प्रदेश को विकसित राज्य बनाएगी।

शाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनका भ्रष्टाचार सीधे टीवी पर दिखाई देता है। विधायकों की खरीद-फरोख्त की गई। हरीश रावत सरकार का कार्यकाल हर तरह से भ्रष्टाचार के नाम ही रहा।

नोटबंदी से कालेधन वालों को तकलीफ ज्यादा

अमित शाह की रैली - फोटो : AmarUjala
नोटबंदी को लेकर हो रहे विरोध को शाह ने कालेधन को बचा न पाने वाले की तिलमिलाहट करार दिया। शाह ने कहा कि इससे राहुल गांधी, मुलायम, मायावती, केजरीवाल जैसे लोगों को ही तकलीफ हो रही है। नोटबंदी से गरीब आदमी भी कुछ हद परेशान है, पर काले धन वालों की तकलीफ तीन हजार गुना ज्यादा है।

इसमें वो भी शामिल हैं, जिन्होंने कालाधन देहरादून में बंगलों के तहखानों में छिपाया हुआ है। इस कालेधन से ही आतंकवाद, नक्सलवाद, ड्रग माफिया, जाली नोटों का कारोबार पोषित हो रहा है। मोदी ने एक ही झटके में इन सबको रद्दी कर दिया। विपक्ष पहले पूछता था कि कालेधन पर क्या किया। अब पूछ रहा है कि क्यों किया।
विज्ञापन

राहुल मां से रूठ कर छह माह तक गायब रहे और...

मंच पर ‌अमित शाह के साथ प्रदेश भाजपा के दिग्गज मौजूद रहे। - फोटो : AmarUjala
शाह ने वन रैंक, वन पेंशन के मुद्दे पर राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल को यह पता नहीं है कि उनकी दादी इंदिरा गांधी के समय से ही यह मांग उठ रही थी। कांग्रेस तीन पीढ़ियों तक इस मांग को नजरअंदाज करती रही। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ही साल में इस मांग को पूरा कर दिया तो विपक्ष छोटी-मोटी दिक्कतों को भुनाना चाह रहा है। राहुल अपनी मां से रूठ कर छह माह गायब रहे और उन्हें यह पता तक नहीं कि वन रैंक, वन पेंशन लागू हो गई है।

सर्जिकल स्ट्राइक और सीमा सुरक्षा के मुद्दे को एक सूत्र में पिरोते हुए शाह ने कहा कि उड़ी में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने सेना के जवानों को जलाया तो भारतीय सेना ने भी बदला लिया। पहले सीमा पर भारतीय फौजी का सर काटकर ले जाते थे तो सेना दिल्ली की ओर देखती थी। अब सीमा पर सेना गोली का जवाब गोली से देती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें