अमर उजाला देहरादून के 25 वर्ष पूरे होने पर पटेलनगर स्थित कार्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अमर उजाला के पुराने कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व यज्ञ-हवन कर अखबार और उससे जुड़े लोगों की समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर अमर उजाला प्रबंधन के वरुण माहेश्वरी ने अखबार की शुरूआत के समय के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने 25 साल का सफर पूरा करने वाले सभी लोगों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। वरुण माहेश्वरी ने कहा कि अमर उजाला उत्तराखंड के लोगों के हर सुख-दुख का साथी रहा है।
सुबह एजेंसी पर जाकर अखबार का इंतजार करते थे लोग
राज्य आंदोलन के दौरान अमर उजाला आंदोलनकारियों की आवाज लखनऊ और दिल्ली तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता रहा। पहाड़ के लोगों ने भी अमर उजाला को बहुत प्यार दिया। उस समय कहा जाता था कि उत्तराखंड में लोगों की सुबह तब होती थी, जब उनके हाथ पर अमर उजाला पहुंच जाता था। अखबार के प्रति लोगों की उत्सुकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग सुबह एजेंसी पर जाकर अखबार का इंतजार करते थे।
ये भी पढ़ें...रजत जयंती: उत्तराखंडियत के साथ धड़कते रहने के 25 वर्ष, देहरादून से यूं शुरू हुआ अमर उजाला का सफर...
इस मौके पर अमर उजाला के 25 साल के सफर के साथी रहे पुराने कर्मचारियों को सम्मानित किया गया जिसमें संपादकीय के सुभाष गुप्ता, रमेश पुरी, कौशल सिखौला, मदन गौड़, चंद्रमोहन शुक्ला, राजू बंगवाल, मशीन कर्मचारी विजय गौड़, एसपीएमडी के सुबोध शर्मा, मार्केटिंग के विनोद शर्मा, एजेंट सतीश जैन, एमके चन्देल, धर्मवीर सिंह रावत, खेमचंद गुप्ता, अनिल शर्मा, उत्तम जैन, प्रेम भाटिया, संदीप भारद्वाज, दीपक बंसल, मोहम्मद अनीस अहमद को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने किया अमर उजाला की उत्सव श्रृंखला के लोगों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कैंट रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर अमर उजाला के देहरादून संस्करण के 25वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में शुरू होने वाली उत्सव श्रृंखला के लोगों का शुभारंभ किया। इस श्रृंखला के तहत इस वर्ष पाठकों की अभिरूचियों से जुड़े और राज्य के महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विचार मंथन के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इसमें से कई कार्यक्रम ऑफ लाइन होंगे। उन्होंने अमर उजाला परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में अमर उजाला के कार्यकारी संपादक संजय अभिज्ञान, महाप्रबंधक राहुल चौहान, मुख्यमंत्री की मीडिया सलाहकार विश्वास डोभाल भी उपस्थित थे।