राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कृषि से ही सुधर सकती है। इसलिए गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शोधार्थी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अपना योगदान दें। राष्ट्रपति ने पंत विश्वविद्यालय को हरित क्रांति के तकनीकी क्षेत्र में जननी बताया।
उन्होंने कृषि विश्वविद्यालयों को देश की कृषि के विकास में बदलाव का केंद्र बिंदु बनने का आह्वान भी किया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी मंगलवार को पंतनगर विवि के 29वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 1208 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पंतनगर विवि के कृषि शोध और तकनीकी विकास में वृहद योगदान का जिक्र करते हुए यहां के गुणवत्ता युक्त बीजों और उत्तम स्नातकों के साथ विवि के प्रदर्शन को उत्कृष्ट बताया। उन्होंने उर्वरकों के अधिक इस्तेमाल से बचने को कहा।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ भारत में पोषण सुरक्षा की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान दिलाते हुए पोषणयुक्त मोटे अनाज पर अधिक शोध कर इनका उत्पादन बढ़ाने और दूसरी पोषक फसलें तैयार करने पर बल दिया।