इसके अलावा अग्निवीर (कार्यालय सहायक) के लिए भी एक नया टाइपिंग टेस्ट, कंबाइंड एंट्रेंस परीक्षा के साथ आयोजित किया जाएगा। जो 22 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। फर्जी उम्मीदवारों को बाहर निकालने के लिए आईरिस स्कैन के रूप में एक नई बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया शामिल की गई है।
भर्ती कार्यालय की ओर से युवाओं से अपील की है कि वह केवल अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबरों के साथ पंजीकरण करें। भर्ती रैली के संचालन के दौरान आधार सत्यापन किया जाएगा। बड़ी संख्या में उम्मीदवार साइबर कैफे के माध्यम से नामांकन करते हैं और बाद में पंजीकरण के लिए उपयोग किए गए ई-मेल को भूल जाते हैं।
कार्यालय ने युवाओं को दलालों और नए-पुराने कोचिंग सेंटरों से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि प्रक्रिया पूरी तरह से स्वचालित है और किसी भी व्यक्ति के लिए चयन प्रक्रिया को प्रभावित करना असंभव है।