उत्तरकाशी के बड़कोट में यमुनोत्री हाईवे पर चलती मैक्स पर चट्टान का टुकड़ा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बदहाल हुआ यमुनोत्री हाईवे अब जान पर भारी पड़ रहा है। शनिवार दोपहर बड़कोट से हनुमानचट्टी जा रहे मैक्स वाहन पर भारी बोल्डर गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पिछले दिनों यहीं वन संरक्षक की गाड़ी पर भी बोल्डर गिरा था।
छह दिनों बाद खुली थी सड़क
यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास छह दिनों से अवरुद्ध सड़क शनिवार को ही खुली थी। मलबा और दलदल होने से यहां सड़क अभी भी खतरनाक बनी हुई है।
सवारियों को लेकर हनुमानचट्टी जा रही मैक्स धीमी गति से यहां से पार हो रही थी, तभी अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गाड़ी के ऊपर आ गिरा।