टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया।
- फोटो : AmarUjala
हरिद्वार से अस्थि विसर्जन कर अपने घर मुजफ्फरनगर लौट रहे दो भाईयों समेत एक परिवार के पांच लोगों की रुड़की-हरिद्वार हाईवे पर शंकरपुरी के नजदीक सड़क हादसे में मौत हो गई है।
हादसा उस समय हुआ जब इनकी कार एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्षतिग्रस्त कार से मृतकों को बमुश्किल निकाला गया। इस दौरान राजमार्ग पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।
मुजफ्फरनगर, नई मंडी निवासी गोपाल कुमार की चार दिन पहले मौत हो गई थी। परिवार के पांच लोग मंगलवार सुबह अस्थि विसर्जन करने हरिद्वार पहुंचे थे। लौटते वक्त दोपहर करीब सवा एक बजे रुड़की से पांच किलोमीटर पहले शंकरपुरी गांव के समीप इनकी कार एक वाहन को ओवरटेक करने लगी तभी सामने से आ रहे ट्रक से इनके कार की भिड़ंत हो गई।
ट्रक के नीचे फंस गया कार का आगे का हिस्सा
चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
- फोटो : AmarUjala
रफ्तार तेज होने के चलते कार का आगे का हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया। चीख पुकार मचने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहगीरों एवं ग्रामीणों की मदद से सभी को बमुश्किल कार से बाहर निकाला।
इनकी पहचान राजेंद्र वर्मा (59 वर्ष, निवासी मंदाकिनी विहार, सहारनपुर), योगेश वर्मा (57 वर्ष, पुत्रगण सूरजभान वर्मा निवासी सराफा बाजार, सहारनपुर), अभिषेक (40 वर्ष, पुत्र गोपाल निवासी नई मंडी, मुजफ्फरनगर), नरेश (36 वर्ष, पुत्र जानकीप्रसाद निवासी रुड़की चुंगी, जानकीपुरी, मुजफ्फरनगर) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीपक (पुत्र रामगोपाल निवासी नई मंडी मुजफ्फरनगर) घायल था।
इसी बीच मौके पर रुड़की आदर्शनगर निवासी रिश्तेदार रामकृष्ण अग्रवाल पहुंच गया। इन्होंने सभी की शिनाख्त की और रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा पांच किमी लंबा जाम
एक युवक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।
- फोटो : AmarUjala
पुलिस ने घायल दीपक को आननफानन में रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। इससे पहले वह अस्पताल पहुंचता रास्ते में ही इसने भी दम तोड़ दिया। नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह ने दीपक की मौत की पुष्टि की है।
हादसे की खबर से पहले ही दुख से गुजर रहे परिवार में कोहराम मच गया है। रोते-बिलखते परिजन सहारनपुर और मुजफ्फरनगर से सिविल अस्पताल पहुंचे।
हादसे के दौरान हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कार्यवाहक सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।